राजस्थान यूनिवर्सिटी में भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट को लेकर छात्रों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है. एक तरफ यूनिवर्सिटी के जिम्मेदार अधिकारी एसी कमरों में बैठकर ठंडे पानी का लुत्फ उठाते नजर आ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ आम विद्यार्थी कैंपस में पीने के पानी के लिए भटकने को मजबूर हैं. ऐसे में केंद्रीय पुस्तकालय में स्टूडेंट्स को पानी के लिए तरसता देख युवा नेता शुभम रेवाड़ विभागाध्यक्ष (HOD) का फ्रिज ही उठा ले गए, जिसका वीडियो वायरल अब हो रहा है.
युवा नेता शुभम रेवाड़ ने का कहना है कि एचओडी के कक्ष में रखा फ्रिज किसी अधिकारी की निजी संपत्ति नहीं, बल्कि छात्रों की फीस के पैसे से खरीदा गया है. ऐसे में उस पर पहला हक आम विद्यार्थियों का है.
उन्होंने कहा कि कई बार यूनिवर्सिटी प्रशासन को पेयजल समस्या से अवगत करवाया गया, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी. इसी कारण अब उस फ्रिज को वापस छात्रों के लिए उपलब्ध करवाया गया है ताकि भीषण गर्मी में विद्यार्थियों को ठंडा पानी मिल सके.
छात्रों के अनुसार लंबे समय से छात्र कैंपस में नए वाटर कूलर लगाने और खराब पड़े कूलरों को दुरुस्त करवाने की मांग कर रहे थे. लेकिन आरोप है कि प्रशासन ने विद्यार्थियों की इस बुनियादी समस्या को गंभीरता से नहीं लिया. तेज गर्मी और पानी की कमी से परेशान छात्रों में लगातार नाराजगी बढ़ती जा रही थी. इसी बीच युवा नेता शुभम रेवाड़ का गुस्सा उस समय फूट पड़ा जब उन्होंने केंद्रीय पुस्तकालय के एचओडी कक्ष में फ्रिज रखा देखा.
आरोप है कि कई बार प्रशासन को अवगत करवाने के बावजूद भी विद्यार्थियों के लिए कोई व्यवस्था नहीं की गई. इसके बाद शुभम रेवाड़ अपने समर्थकों के साथ केंद्रीय पुस्तकालय पहुंचे और एचओडी कक्ष में रखा फ्रिज बाहर निकालकर आम छात्रों के बीच रख दिया. देखें VIDEO:-
फ्रिज को बाहर रखने के बाद उसमें पानी की बोतलें भरवाई गईं और विद्यार्थियों को ठंडा पानी पिलाना शुरू कर दिया गया. देखते ही देखते वहां छात्रों की भीड़ जमा हो गई और पूरा घटनाक्रम कैंपस में चर्चा का विषय बन गया.
विशाल शर्मा