शादी की मेहंदी भी नहीं उतरी, बहन के सामने भाई पर बरसे डंडे, सड़क पर मचा खूनी बवाल

जयपुर के रामनगरिया थाना क्षेत्र में एक मामूली सड़क हादसा देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया. कार की टक्कर का विरोध करने पर युवती के भाई पर कथित तौर पर डंडों से हमला कर दिया गया. परिवार का आरोप है कि महिलाओं से अभद्रता की गई, मोबाइल छीनने और जबरन कार में बैठाने की कोशिश हुई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
कार की टक्कर के कारण हुई मारपीट. (Photo: Screengrab) कार की टक्कर के कारण हुई मारपीट. (Photo: Screengrab)

विशाल शर्मा

  • जयपुर ,
  • 30 जून 2026,
  • अपडेटेड 9:13 PM IST

जयपुर के रामनगरिया थाना क्षेत्र में एक मामूली सड़क हादसा कुछ ही मिनटों में हिंसक झड़प में बदल गया. जिस परिवार में कुछ दिन पहले तक शादी की खुशियां थीं, वहां अब अस्पताल और पुलिस थाने के चक्कर लग रहे हैं. 23 जून को घर में शादी हुई थी और दुल्हन के हाथों की मेहंदी अभी पूरी तरह फीकी भी नहीं पड़ी थी कि परिवार पर यह बड़ा संकट आ गया.

Advertisement

घटना 27 जून की शाम करीब 5:15 बजे की बताई जा रही है. पीड़िता अपनी भाभी के साथ तिलक नगर से जगतपुरा स्थित एक सैलून जा रही थी. इसी दौरान सर्विस लेन में एक स्विफ्ट कार ने उनकी कार को साइड से टक्कर मार दी. आरोप है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो कार में सवार युवक गाली-गलौज करने लगे और अभद्र व्यवहार करने लगे.

सर्विस लेन में कार की टक्कर से शुरू हुआ पूरा विवाद

स्थिति बिगड़ती देख युवती ने तुरंत अपने भाई को फोन किया. बताया गया कि उसका भाई कुछ ही दूरी पर दूसरी कार में आ रहा था. जैसे ही वह मौके पर पहुंचा, विवाद और बढ़ गया. आरोप है कि दूसरे पक्ष ने अपने अन्य साथियों को भी बुला लिया और देखते ही देखते सड़क पर मारपीट शुरू हो गई.

पीड़िता के अनुसार उसकी भाभी पूरी घटना का वीडियो बना रही थीं. इसी दौरान आरोपियों ने उनका मोबाइल छीनने की कोशिश की. आरोप है कि दोनों महिलाओं के हाथ पकड़कर उनके साथ हाथापाई की गई और उन्हें जबरन कार में बैठाने का भी प्रयास किया गया.

Advertisement

जब परिवार ने इसका विरोध किया तो युवती के भाई को निशाना बनाया गया. आरोप है कि उस पर डंडों से बेरहमी से हमला किया गया. इस हमले में उसके सिर पर गंभीर चोट आई और तीन टांके लगाने पड़े. उसकी एक आंख पर भी गंभीर चोट पहुंची.

इस घटना का सबसे भावुक पहलू यह रहा कि परिवार में शादी के बाद की रस्में अभी बाकी थीं. दुल्हन के हाथों की मेहंदी भी नहीं उतरी थी और पूरा परिवार शादी के माहौल में था. लेकिन इस वारदात ने पूरे घर की खुशियों को डर और सदमे में बदल दिया.

पीड़िता का कहना है कि घटना के दो से पांच मिनट के भीतर ही उन्होंने 100 और 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दे दी थी. उनका आरोप है कि पुलिस करीब आधे घंटे बाद मौके पर पहुंची. तब तक आरोपी महिलाओं के साथ कथित अभद्रता कर चुके थे और उनके भाई पर हमला कर चुके थे.

परिवार के लोगों का कहना है कि जान बचाने के लिए उन्हें पास की एक दुकान में जाकर छिपना पड़ा. पीड़िता का दावा है कि घटना के वीडियो और फोटो उसके मोबाइल में सुरक्षित हैं. इस पूरे घटनाक्रम का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. फुटेज में कार की टक्कर के बाद सड़क पर मारपीट होती दिखाई दे रही है. 

Advertisement

मारपीट की घटना सीसीटीवी में हुई कैद

पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है. रामनगरिया थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि सभी साक्ष्यों की जांच की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »