ग्राउंड रिपोर्ट: जयपुर में गरीबों के लिए बने 300 करोड़ के मकान खंडहर, अब नशेड़ियों और अपराधियों का अड्डा

जयपुर के राजीव नगर आवास परियोजना में गरीबों के लिए बनाए गए हजारों मकान आज भी खाली पड़े हैं. लगभग 300 करोड़ रुपये की लागत से बनी यह योजना राजनीतिक बदलाव, अधूरी सुविधाओं और निर्माण गुणवत्ता पर सवालों के कारण सफल नहीं हो सकी. अब यह इलाका अवैध कब्जों, नशाखोरी और अपराध की गतिविधियों को लेकर चर्चा में है.

Advertisement
हजारों मकान वर्षों से खाली पड़े हैं और अब खंडहर में तब्दील हो चुके हैं (Photo: ITG) हजारों मकान वर्षों से खाली पड़े हैं और अब खंडहर में तब्दील हो चुके हैं (Photo: ITG)

शरत कुमार

  • जयपुर, राजस्थान,
  • 02 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 2:37 PM IST

गरीबों के घर के नाम पर भ्रष्टाचार और सियासत का बेरहम चेहरा जयपुर के राजीव नगर में देखा जा सकता है. 100 बीघा में 300 करोड़ रुपये खर्च कर 2008 से 2013 के बीच गहलोत सरकार ने राजीव नगर बनाया था. मगर भ्रष्टाचार की वजह से बने घटिया मकान किसी ने लिए नहीं और सरकार चली गई. दूसरी बार गहलोत सरकार लौटी तो राजीव नगर भूतिया बस्ती बन चुका था. अब यह नशेड़ियों और अपराधियों का अड्डा बन गया है.

Advertisement

जयपुर के बेहद खूबसूरत इलाके किशनबाग में बना यह राजीव नगर है. 2009 में जयपुर की झुग्गियों में रहने वाले लोगों के लिए करीब 100 बीघा में 300 करोड़ रुपये खर्च कर तीन जगहों पर चार हजार मकान राजीव गांधी नगर योजना के तहत बनाए गए थे. 2013 में सभी मकानों की लॉटरी निकली, लेकिन आवंटन से पहले ही गहलोत सरकार चली गई. बीजेपी सरकार आने के बाद योजना को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया. पानी, बिजली और सड़क की व्यवस्था भी नहीं हो पाई थी. चोर खिड़कियां, दरवाजे और सरिया तक उखाड़ ले गए. योजना में 30 प्रतिशत राशि केंद्र सरकार दे रही थी. 2014 में केंद्र में सरकार बदलते ही केंद्र सरकार ने भी यह योजना बंद कर दी.

ज्यादातर मकान मुस्लिम समुदाय के लोगों को आवंटित हुए थे. गहलोत सरकार 2018 में वापस लौटी तो मकान रहने लायक नहीं बचे थे. निर्माण इतना घटिया था कि मकान ढहने लगे थे. लिहाजा, जिन लोगों को सवा दो लाख रुपये में आवंटन होना था, उन्होंने इन्हें लेने से मना कर दिया.

Advertisement

इन सूने पड़े मकानों में पुराने कपड़ों के बदले बर्तन बेचने वाले गुजरात से आए कुछ परिवार अवैध रूप से रह रहे हैं. उनका कहना है कि स्थानीय विधायक ने कहा था कि जाकर वहां रह लो, लेकिन न पानी है और न बिजली. खुले में शौच जाना पड़ता है. दिनभर अफीम और ड्रग्स लेने वालों का डेरा रहता है. डर लगता है, लेकिन यहां रह लेते हैं क्योंकि किराया नहीं देना पड़ता.

अपराधियों का यह ऐसा अड्डा बन चुका है कि पाकिस्तान से जुड़े आतंकी खरगोश ने जयसिंह खोर के इन्हीं मकानों में रहकर समय बिताया और अपने दस्तावेज बनवाए.

यह भी पढ़ें: रेलयात्री ध्यान दें! गांधीधाम-भागलपुर स्पेशल ट्रेन के बढ़े फेरे, जयपुर-पुणे एक्सप्रेस के रूट में बदलाव

बीजेपी सरकार ने यहां अवैध कब्जा किए मुसलमानों को हटा दिया है. स्थानीय विधायक बालमुकुंदाचार्य का कहना है कि उन्होंने किसी को भी यहां रहने के लिए नहीं कहा, बल्कि यह कांग्रेस सरकार द्वारा एक वर्ग विशेष को खुश करने के लिए बनाई गई योजना थी.

वहीं कांग्रेस विधायक रफीक खान का कहना है कि बीजेपी ने जानबूझकर गरीबों की इस योजना को फेल किया. जयपुर में ऐसे चार हजार मकान बनाए गए थे, जिनमें से तीन हजार खाली पड़े हैं और अब खंडहर बन चुके हैं.

Advertisement

सरकार ने इस योजना को बंद कर दिया है क्योंकि इतने मकानों को तोड़ने और नए सिरे से मरम्मत करने में फिर से सैकड़ों करोड़ रुपये खर्च होंगे. शहरी विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा का कहना है कि इन मकानों को ठीक करने में भारी धनराशि की जरूरत होगी, जिसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं.

मगर बड़ा सवाल यह है कि गरीब आज भी झुग्गियों में रह रहे हैं, जबकि उनके नाम पर हजारों करोड़ रुपये की सरकारी जमीन और सैकड़ों करोड़ रुपये जनता का पैसा बर्बाद हो चुका है. अब इन जगहों की सुरक्षा पर भी पैसा खर्च होगा. सरकार ने तय किया है कि इन इलाकों में अपराधियों का जमावड़ा न हो, इसके लिए स्थानीय पुलिस चौकी खोली जाएगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »