राजस्थान के जयपुर के दूदू स्थित मौजमाबाद में पंचायत चुनाव के दौरान फर्जी वोटिंग के आरोप को लेकर जमकर बवाल हो गया. सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव के बीच दो वार्ड पंचों के समर्थक आमने-सामने आ गए. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच लाठी-भाटा चलने लगा. अचानक हुई इस भिड़ंत से इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
दरअसल, यह घटना मौजमाबाद कस्बे के देशवाली मोहल्ले की है. यहां सरपंच और वार्ड पंच के लिए मतदान चल रहा था. इसी दौरान फर्जी वोटिंग का आरोप लगाते हुए कुछ लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया. देखते ही देखते विवाद ने तूल पकड़ लिया और दोनों पक्षों के समर्थक एक-दूसरे के सामने आ गए.
यह भी पढ़ें: जयपुर में श्रद्धालुओं को ले जा रही बस ट्रक से टकराई, 3 की मौत, 25 घायल
दोनों गुटों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई. आरोप-प्रत्यारोप के बीच जमकर लाठी-भाटा चले. पंचायत चुनाव के दौरान अचानक हुए इस बवाल से मतदान का माहौल गरमा गया और देशवाली मोहल्ले में तनाव की स्थिति बन गई.
देखें वीडियो...
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही मौजमाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर विवाद शांत कराने और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए. एहतियात के तौर पर इलाके में पुलिस की कड़ी निगरानी रखी गई.
फर्जी वोटिंग के आरोप और उसके बाद हुई मारपीट ने पंचायत चुनाव के बीच माहौल तनावपूर्ण कर दिया. हालांकि, पुलिस की कार्रवाई के बाद इलाके में स्थिति सामान्य होने की जानकारी सामने आई है. फिलहाल पुलिस की कड़ी पहरेदारी के बीच हालात पर नजर रखी जा रही है.
विशाल शर्मा