नकली नंबर प्लेट, सफेद बाइक और ताबड़तोड़ वारदात... जयपुर में 'चेन स्नैचर्स' का आतंक, Video

जयपुर में बाइक सवार चेन स्नैचर्स का आतंक बढ़ गया है. बुधवार को शहर के अलग-अलग इलाकों में तीन और एक दिन पहले एक वारदात हुई. महेश नगर, मालवीय नगर और पटेल मार्ग पर बदमाशों ने लोगों से चेन छीनी. पुलिस के अनुसार वारदात में इस्तेमाल सफेद अपाचे बाइक भरतपुर के व्यक्ति के नाम पर रजिस्टर्ड है, जिस पर नकली नंबर प्लेट लगी थी.

Advertisement
एक दिन में तीन वारदात. (Photo: Screengrab) एक दिन में तीन वारदात. (Photo: Screengrab)

विशाल शर्मा

  • जयपुर,
  • 02 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 8:55 PM IST

राजस्थान की राजधानी जयपुर में बाइक सवार चेन स्नैचर्स का आतंक तेजी से बढ़ता जा रहा है. लगातार हो रही वारदातों से शहर में दहशत का माहौल है और लोग घर से बाहर निकलने में भी डर महसूस करने लगे हैं. बुधवार को शहर के अलग-अलग इलाकों में तीन बड़ी चेन स्नैचिंग की घटनाएं सामने आईं, जबकि एक दिन पहले भी इसी तरह की वारदात हो चुकी थी. इससे जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बदमाशों की बेखौफ हरकतें कैद हुई हैं.

Advertisement

ताजा घटना महेश नगर फाटक के पास की है, जहां दिनदहाड़े एक बुजुर्ग महिला को निशाना बनाया गया. ज्योति नगर निवासी टीचर ब्रह्मा शर्मा सड़क किनारे खड़ी थीं. इसी दौरान बाइक सवार बदमाश पलक झपकते ही उनके गले से सोने की चेन तोड़कर फरार हो गए. पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसमें बदमाशों की हरकत साफ दिखाई दे रही है.

यह भी पढ़ें: जयपुर में विदेशी महिला से छेड़छाड़... जलमहल घूमने पहुंची थी, युवकों ने घेर लिया, सेल्फी के बहाने छूने लगे

उसी दिन मालवीय नगर सेक्टर-10 में भी इसी तरह की वारदात हुई. राजेश जैन अपनी स्टेशनरी दुकान पर कार से उतर ही रहे थे कि जीटी पुलिया की ओर से आए बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनकी चेन छीन ली और मौके से भाग निकले.

Advertisement

शाम तक जारी रहा लुटेरों का दुस्साहस

शाम होते-होते बदमाशों का दुस्साहस और बढ़ गया. पटेल मार्ग पर ऑटो का इंतजार कर रही नेहा जैन को भी दो लुटेरों ने निशाना बनाया. सफेद बाइक पर आए बदमाशों ने उनके गले से चेन तोड़ी और कुछ ही सेकंड में मौके से फरार हो गए. उस समय नेहा अपनी सहयोगी के साथ खड़ी थीं, लेकिन वारदात इतनी तेजी से हुई कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला.

देखें वीडियो...

इससे एक दिन पहले मंगलवार सुबह वैशाली नगर के क्विंस रोड पर भी इसी तरह की घटना सामने आई थी. आस्था त्रिपाठी जिम जाने के लिए निकली थीं, तभी बाइक सवार बदमाशों ने उनकी चेन छीन ली और फरार हो गए. लगातार हो रही इन घटनाओं ने शहर में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

लगातार वारदातों से लोगों में भय का माहौल है और पुलिस के सामने इन घटनाओं को रोकना बड़ी चुनौती बन गया है.

पुलिस जांच और कार्रवाई

पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात में इस्तेमाल की गई सफेद अपाचे बाइक भरतपुर निवासी उत्तम सिंह के नाम पर रजिस्टर्ड है. हालांकि बदमाशों ने बाइक पर नकली नंबर प्लेट लगाकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की. सूचना मिलने के बाद असली मालिक ने खुद थाने पहुंचकर बाइक का फिजिकल वेरिफिकेशन कराया.

Advertisement

फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और शहरभर में नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ने के लिए कार्रवाई तेज की जा रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement