राजस्थान के हनुमानगढ़ में पुलिस ने पाकिस्तान से जुड़े एक मामले में 20 साल के एक युवक को गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान कृष राय उर्फ शान के रूप में हुई है, जो हनुमानगढ़ टाउन का रहने वाला है. पुलिस का कहना है कि यह युवक पाकिस्तान में बैठे गैंगस्टर और आतंकी कनेक्शन वाले शहजाद भट्टी के साथ सोशल मीडिया पर संपर्क में था और उसे थानों की लोकेशन और सुरक्षा से जुड़ी वीडियो भेज रहा था.
हनुमानगढ़ एसपी नरेंद्र सिंह मीणा ने इस मामले की पूरी जानकारी दी है. उनके मुताबिक एटीएस से सूचना मिली थी कि आरोपी ने हनुमानगढ़ टाउन और रायसिंहनगर इलाके की लोकेशन और वीडियो शहजाद भट्टी को भेजी हैं.
इसके बाद हनुमानगढ़ टाउन पुलिस के सीओ, डीएसटी और साइबर टीम की एक साझा टीम बनाई गई जिसने इस युवक को पकड़ लिया. पूछताछ में सामने आया कि वह फरवरी 2026 से भट्टी के संपर्क में था और चैट के जरिए हथियारों से जुड़ी जानकारी भी आगे भेज रहा था.
पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और अब उसे कोर्ट में पेश कर पुलिस कस्टडी की मांग की जाएगी, ताकि पता चल सके कि क्या इसके पीछे किसी हमले की साजिश थी.
यह भी पढ़ें: खून से सना मिला रिटायर्ड शिक्षिका का शव, पास में पड़ा था चाकू… आत्महत्या या हत्या? जांच में जुटी पुलिस
यह मामला 24 जून को दर्ज किया गया था, जब खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपी की गतिविधियों पर शक हुआ. एसपी ने बताया कि शहजाद भट्टी पाकिस्तान में बैठकर सोशल मीडिया के जरिए भारत में अपना नेटवर्क और संपर्क बनाने की कोशिश करता रहता है. आरोपी कृष राय मूल रूप से बिहार के दरभंगा का रहने वाला है, लेकिन उसका परिवार कई सालों से हनुमानगढ़ में ही रह रहा है.
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी के और किससे संपर्क थे और क्या इस मामले में कोई और भी शामिल है. पुलिस ने यह भी बताया कि इस साल पहले भी दो अलग-अलग मामलों में दो लोगों को शहजाद भट्टी से संपर्क रखने के आरोप में गिरफ्तार किया जा चुका है. यानी यह कोई पहला मामला नहीं है, बल्कि भट्टी का नेटवर्क राजस्थान में पहले भी सामने आ चुका है. पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की तह तक जाने की कोशिश कर रही है ताकि किसी बड़ी साजिश को समय रहते रोका जा सके.
aajtak.in