रात का वक्त था. सड़क पर गाड़ियां गुजर रही थीं. तभी अचानक सामने ऐसा नजारा दिखा कि लोगों ने ब्रेक लगा दिए. सड़क पर एक नहीं, दो नहीं, बल्कि पांच-पांच मगरमच्छ घूम रहे थे. कुछ लोग डर गए. कुछ ने मोबाइल निकाल लिए और वीडियो बनाने लगे. यह मामला राजस्थान के सवाई माधोपुर का है, जहां लगातार हो रही भारी बारिश के बाद रणथंभौर राष्ट्रीय उद्यान से मगरमच्छ बहकर आबादी और मुख्य मार्ग तक पहुंच गए.
घटना शेरपुर गांव के पास कुंडेरा–सवाई माधोपुर मार्ग पर स्थित झरेटी रपट की है. रणथंभौर के जंगल से निकलने वाले झरेटी नाले में बारिश के कारण तेज बहाव आ गया. इसी बहाव के साथ कई मगरमच्छ भी नीचे की ओर आ गए.
यहां देखें Video
जब बारिश का पानी कुछ कम हुआ और जलस्तर घटा, तब रात के समय पांच मगरमच्छ सड़क पर दिखाई दिए. इनमें से चार मगरमच्छ बहते पानी के बीच रपट पार करते हुए रणथंभौर की ओर से शेरपुर-झरेटी दिशा में जाते नजर आए, जबकि एक मगरमच्छ मुख्य सड़क पर आराम से चलता दिखाई दिया.
यह भी पढ़ें: 5 फीट के मगरमच्छ को गोद में उठाया, फिर बाइक पर बैठाकर नदी तक ले गए... कोटा का VIDEO वायरल
सड़क पर मगरमच्छों को देखकर कुछ देर के लिए पूरा ट्रैफिक थम गया. राहगीरों ने कोई जोखिम नहीं उठाया. लोग सुरक्षित दूरी पर खड़े होकर मगरमच्छों के सड़क पार करने का इंतजार करते रहे. इसके बाद ही वाहनों की आवाजाही दोबारा शुरू हो सकी. ग्रामीणों का कहना है कि रणथंभौर क्षेत्र में हुई लगातार बारिश के कारण अटल सागर, मिश्रदर्रा और आड़ा बालाजी जलाशयों का पानी झरेटी नाले में पहुंचा. तेज बहाव के साथ मगरमच्छ भी जंगल से बाहर निकलकर आबादी के करीब पहुंच गए.
अब शेरपुर गांव और आसपास के इलाकों में लोगों के बीच दहशत का माहौल है. खासकर शाम और रात के समय लोग सड़क और नाले के आसपास जाने से बच रहे हैं. ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में निगरानी बढ़ाने, लोगों को सतर्क करने और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने की मांग की है. रणथंभौर राष्ट्रीय उद्यान अपने बाघों के लिए दुनिया भर में मशहूर है, लेकिन यहां बड़ी संख्या में मगरमच्छ भी हैं.
सुनील जोशी