राजस्थान के डीग जिले के मेवात इलाके से एक अनोखा मामला सामने आया है. यहां शादी समारोह के दौरान दो दूल्हों ने नोटों की लंबी माला पहनकर शान का प्रदर्शन किया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. यह पूरा मामला 19 अप्रैल का बताया जा रहा है. जुरहरा थाना क्षेत्र के बामनवाड़ी गांव में पंचायत के सरपंच अब्दुल मजीद के परिवार में शादी का आयोजन था.
इस शादी में उनके भाई और बेटे की बारात निकली थी. दूल्हों की पहचान रुकनुद्दीन मेव और उनके भतीजे अंसार मेव के रूप में हुई है. दोनों दूल्हे हरियाणा के पुन्हाना में दुल्हन के घर बारात लेकर गए थे. शादी के दौरान दूल्हों को नोटों की माला पहनाई गई, जो देखने में काफी लंबी और भारी थी. वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि माला इतनी लंबी थी कि उसे संभालने के लिए कई लोगों को नीचे खड़ा होना पड़ा. दूल्हों को माला पहनाने के लिए घर की छत पर खड़ा किया गया था, जबकि नीचे खड़े लोग उस माला को सहारा दे रहे थे.
एक ही माला दोनों दूल्हों ने बारी-बारी से पहनी
इस मामले में सरपंच अब्दुल मजीद ने बताया कि शादी के लिए दूल्हों के लिए हरियाणा से करीब 21 लाख रुपये की माला किराए पर मंगवाई गई थी. उन्होंने कहा कि जो लोग ऐसी मालाएं किराए पर देते हैं, वो खुद शादी में माला लेकर आते हैं और सिर्फ माला को दिखाने के लिए पहनाया जाता है.
मजीद ने यह भी बताया कि यह एक परंपरा के तहत किया गया था और उनकी बहन के पति ने यह माला किराए पर ली थी. उन्होंने स्पष्ट किया कि सिर्फ एक ही माला थी, जिसे दोनों दूल्हों ने बारी-बारी से पहना था. इस मामले पर डीग के पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ कांबले ने भी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हो रहा है, उसकी जांच की गई है. जांच में सामने आया है कि यह माला 500 रुपये के नोटों से बनी हुई थी और इसे हरियाणा से किराए पर लाया गया था.
हरियाणा से किराए पर मंगवाई गई थी माला
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में किसी तरह की अवैध गतिविधि सामने नहीं आई है. हालांकि मेवात इलाका साइबर ठगी के मामलों के लिए जाना जाता है, लेकिन इस मामले में अब तक यह बात सामने आई है कि यह माला सिर्फ किराए पर लेकर शादी में प्रदर्शन के लिए इस्तेमाल की गई थी. सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो ने लोगों का ध्यान खींचा है और इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. कुछ लोग इसे शान का प्रदर्शन मान रहे हैं, तो कुछ इसे फिजूलखर्ची बता रहे हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और जांच जारी है.
सुरेश फौजदार