राजस्थान के अलवर जिले में पेट्रोल पंप पर दिनदहाड़े सेल्समैन को गोली मारने की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. सदर थाना क्षेत्र के बुर्जा स्थित नायरा कंपनी के पेट्रोल पंप पर हुई इस सनसनीखेज फायरिंग के पीछे प्रेम प्रसंग की कहानी सामने आई है. पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी जगत गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस जांच के मुताबिक, घायल सेल्समैन सचिन आरोपी की प्रेमिका को लगातार फोन कर रहा था. महिला ने इसकी जानकारी अपने प्रेमी जगत गुर्जर को दी. इसके बाद आरोपी ने गुस्से में आकर सेल्समैन को सबक सिखाने की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया.
यह भी पढ़ें: मकान की EMI भरने के लिए 'अंकल' का मर्डर, अलवर में बुजुर्ग की हत्या का 12 घंटे में खुलासा
दिनदहाड़े पेट्रोल पंप पर हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी. गंभीर रूप से घायल सचिन को पहले अलवर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए उसे जयपुर रेफर कर दिया गया.
बाइक चोरी की, हथियार खरीदा और फिर रची पूरी साजिश
पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी जगत गुर्जर कठूमर क्षेत्र का रहने वाला है. जांच में सामने आया कि वारदात को अंजाम देने के लिए उसने पहले कठूमर इलाके से एक बाइक चोरी की.
बाइक चोरी करने के बाद आरोपी अलवर पहुंचा और बुर्जा स्थित नायरा पेट्रोल पंप पर पहुंचकर वहां मौजूद सेल्समैन सचिन की फोटो खींची. उसने यह फोटो अपनी प्रेमिका को भेजी और उसकी पहचान की पुष्टि कराई.
महिला से पुष्टि मिलने के बाद आरोपी ने सचिन को फोन किया और फिर उसके ऊपर कट्टे से फायरिंग कर दी. गोली सचिन के कंधे में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
आठ कारतूस बरामद, आर्म्स एक्ट में भी केस दर्ज
एसपी सुधीर चौधरी ने बताया कि आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार और आठ कारतूस बरामद किए गए हैं. इनमें से एक कारतूस का इस्तेमाल फायरिंग में किया गया था.
देखें वीडियो...
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया है. वहीं, जिस बाइक का इस्तेमाल वारदात में किया गया, उसके चोरी होने की पुष्टि सीसीटीवी फुटेज से हुई है. इस संबंध में कठूमर थाने में अलग से मामला दर्ज किया जाएगा.
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने पूरी वारदात पहले से योजना बनाकर अंजाम दी थी. इसलिए मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है.
पुलिस टीम से हाथापाई में घायल हुआ आरोपी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को पकड़ने गई टीम के साथ उसने हाथापाई भी की, जिसमें उसे चोटें आईं. बाद में उसका उपचार कराया गया और गिरफ्तारी की कार्रवाई पूरी की गई.
फिलहाल पुलिस आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है. यह पता लगाया जा रहा है कि वह पहले किसी अन्य आपराधिक मामले में शामिल रहा है या नहीं.
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में यह मामला प्रेम प्रसंग और एकतरफा विवाद से जुड़ा पाया गया है. हालांकि पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच जारी है और सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
हिमांशु शर्मा