वीके पांडियन की पत्नी BJD में शामिल, नवीन पटनायक बोले- अगले चुनाव में भी मैं ही करूंगा पार्टी का नेतृत्व

पूर्व आईएएस अधिकारी और वीके पांडियन की पत्नी सुजाता कार्तिकेयन बीजद में शामिल हो गई हैं. उनके पार्टी में आने के बाद नेतृत्व परिवर्तन की अटकलें तेज हुईं, लेकिन नवीन पटनायक ने साफ कर दिया कि अगले चुनाव में बीजद का नेतृत्व वही करेंगे. सुजाता ने ओडिशा की जनता की सेवा करने का संकल्प दोहराया है.

Advertisement
नवीन पटनायक ने सुजाता राउत के पार्टी में शामिल होने की घोषणा की. (Photo- X) नवीन पटनायक ने सुजाता राउत के पार्टी में शामिल होने की घोषणा की. (Photo- X)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 25 जून 2026,
  • अपडेटेड 10:12 PM IST

ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेडी प्रमुख नवीन पटनायक के करीबी सहयोगी रहे वीके पांडियन की पत्नी और पूर्व आईएएस अधिकारी सुजाता राउत कार्तिकेयन गुरुवार को औपचारिक रूप से बीजू जनता दल (BJD) में शामिल हो गईं. पार्टी मुख्यालय शंख भवन में आयोजित कार्यक्रम में नवीन पटनायक ने उनके पार्टी में शामिल होने की घोषणा की.

न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक सुजाता के बीजद में शामिल होने के बाद राजनीतिक गलियारों में उनके भविष्य को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं. हालांकि, इन अटकलों के बीच नवीन पटनायक ने साफ शब्दों में कहा कि आगामी चुनावों में पार्टी का नेतृत्व वही करेंगे.

Advertisement

नवीन पटनायक ने कहा, 'मैं सुजाता राउत का बीजद में स्वागत करता हूं. वह एक साधारण सदस्य के रूप में पार्टी में शामिल हो रही हैं. उन्होंने आईएएस अधिकारी के रूप में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं. मुझे विश्वास है कि समय के साथ वह अपनी नई भूमिका में ढल जाएंगी और विशेष रूप से महिलाओं का नेतृत्व करना सीखेंगी.'

मीडिया में चल रही उन चर्चाओं पर भी पटनायक ने विराम लगाने की कोशिश की, जिनमें कहा जा रहा था कि भविष्य में सुजाता पार्टी की कमान संभाल सकती हैं. उन्होंने कहा, 'मैं एक बार फिर स्पष्ट करना चाहता हूं कि अगले चुनाव में बीजद का नेतृत्व मैं ही करूंगा.'

केंद्रपाड़ा जिले की रहने वाली सुजाता कार्तिकेयन ने पार्टी में शामिल होने के बाद कहा कि वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ ओडिशा की जनता की सेवा करेंगी. उन्होंने कहा, 'मुझे पिछले 24 वर्षों से नवीन पटनायक के नेतृत्व में ओडिशा के लोगों की सेवा करने का अवसर मिला. आज मुझे फिर से उनके नेतृत्व में जनता की सेवा करने का मौका मिला है.'

Advertisement

बता दें कि साल 2000 बैच की आईएएस अधिकारी रहीं सुजाता ने 13 मार्च 2025 को सिविल सेवा से इस्तीफा दिया था. उन्हें पूर्व बीजद सरकार की महत्वाकांक्षी महिला सशक्तिकरण योजना ‘मिशन शक्ति’ के विस्तार का श्रेय भी दिया जाता है. उनकी राजनीति में एंट्री ऐसे समय हुई है जब उनके पति वीके पांडियन ने 2024 लोकसभा और विधानसभा चुनावों में बीजद की हार के बाद सक्रिय राजनीति से दूरी बनाने का ऐलान कर दिया था. चुनावी हार के लिए पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं ने पांडियन को जिम्मेदार ठहराया था और इसी वजह से सुजाता के पार्टी में आने का भी विरोध किया गया था.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »