ओडिशा के जाजपुर जिले के धर्मशाला ब्लॉक अंतर्गत अंजीरा पंचायत के बौंसाडोला गांव में डायरिया फैलने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दस अन्य लोग बीमार पड़ गए हैं. अधिकारियों के मुताबिक, मृतक की पहचान गांव के 36 वर्षीय बादल मोहंती के रूप में हुई है. स्वास्थ्य विभाग ने स्थिति को गंभीर मानते हुए गांव में निगरानी बढ़ा दी है और प्रभावित लोगों का इलाज जारी है.
बुधवार रात सबसे पहले बादल मोहंती को डायरिया की शिकायत के बाद धर्मशाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया था. उसी रात गांव के दो अन्य लोगों को भी डायरिया के लक्षण दिखने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया. इसके बाद गुरुवार को उसी गांव के आठ और लोगों को सीएचसी में भर्ती कराना पड़ा. गुरुवार रात इलाज के दौरान बादल मोहंती की मौत हो गई.
यह भी पढ़ें: ओडिशा के जाजपुर में भीषण सड़क हादसा, डीएसपी समेत दो की मौत
अधिकारियों के अनुसार अस्पताल में भर्ती चार लोगों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि छह अन्य मरीज अभी भी धर्मशाला सीएचसी में उपचाराधीन हैं और उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है.
स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, गांव में पहुंची मेडिकल टीम
जाजपुर के मुख्य जिला चिकित्सा अधिकारी (सीडीएमओ) डॉ. बिजय कुमार मिश्रा शुक्रवार को गांव पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने बताया कि प्रभावित दस लोगों में से तीन महिलाओं सहित चार मरीजों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है. शेष मरीजों का इलाज जारी है और वे धीरे-धीरे स्वस्थ हो रहे हैं.
दूषित पानी से फैलने की आशंका
जिला स्वास्थ्य अधिकारियों को आशंका है कि डायरिया का प्रकोप दूषित पानी के सेवन के कारण फैला है. स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और घबराने से बचने की सलाह दी है. सीडीएमओ ने प्रभावित गांव के लोगों को गर्म पानी पीने और ताजा भोजन करने की सलाह दी है.
घर-घर पहुंची आशा और आंगनवाड़ी टीम
स्वास्थ्य विभाग ने रोकथाम के लिए आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को गांव के हर घर में भेजा है. वे लोगों को दवाइयों के साथ हैलोजन टैबलेट वितरित कर रहे हैं और क्षेत्र के सभी जल स्रोतों को साफ करने का काम जारी है. मेडिकल टीम ने पानी और मल के नमूने एकत्र किए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा ताकि प्रकोप के सटीक कारण का पता लगाया जा सके.
aajtak.in