पत्नी कुएं में कूदी तो पति ने जोड़ लिए हाथ, ग्रामीणों के सामने मांगी माफी; तब जाकर बाहर आई महिला, देखें- VIDEO

मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में पति-पत्नी के विवाद के बाद महिला कुएं में कूद गई. पति ने उसे बचाने के लिए रस्सी डाली, लेकिन महिला ने बाहर आने से इनकार कर दिया. उसने शर्त रखी कि पति ग्रामीणों के सामने माफी मांगे. आखिरकार पति ने हाथ जोड़कर माफी मांगी, जिसके बाद महिला कुएं से बाहर आई. महिला का कहना था कि उसका पति घर से बाहर जाते समय दरवाजे पर ताला लगा देता था. 

Advertisement
पति से विवाद के बाद पत्नी कुएं में कूद गई लेकिन पति के माफी मांगने पर बाहर आ गई (PHoto ITG) पति से विवाद के बाद पत्नी कुएं में कूद गई लेकिन पति के माफी मांगने पर बाहर आ गई (PHoto ITG)

मनोज भार्गव

  • शिवपुरी ,
  • 15 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 12:17 PM IST

पति-पत्नी के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि नाराज पत्नी ने कुएं में छलांग लगा दी. पीछे-पीछे पहुंचे पति ने उसे बचाने के लिए रस्सी डाली, लेकिन महिला बाहर आने को तैयार नहीं हुई. उसकी जिद थी कि पहले पति सबके सामने माफी मांगे, तभी वह कुएं से बाहर आएगी. काफी देर तक चले इस घटनाक्रम के बाद पति ने ग्रामीणों के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगी. इसके बाद महिला कुएं से बाहर आई. मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के इस मामले में महिला की नाराजगी की वजह घर के दरवाजे पर ताला लगाने की आदत बताई जा रही है.

Advertisement

पति ने डाली रस्सी, लेकिन बाहर आने को तैयार नहीं हुई पत्नी

यह मामला शिवपुरी जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के ग्राम सहरिया का बताया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. इसी दौरान नाराज महिला कुएं में कूद गई. पत्नी को कुएं में जाते देख पति भी उसके पीछे पहुंचा और उसे सुरक्षित निकालने के लिए रस्सी डाल दी. महिला ने रस्सी पकड़ ली, लेकिन बाहर आने से इनकार कर दिया. इस बीच घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुटने लगे. महिला को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए कुएं में रस्सी के सहारे खटिया डालने की व्यवस्था भी की गई. इसके बावजूद वह अपनी बात पर अड़ी रही.

'पहले माफी मांगो, फिर निकलूंगी'

कुएं से बाहर आने के लिए महिला ने पति के सामने शर्त रख दी. उसका कहना था कि जब तक पति ग्रामीणों के सामने उससे माफी नहीं मांगेगा, वह बाहर नहीं आएगी. मौके पर मौजूद लोग उसे समझाने में लगे रहे, लेकिन महिला अपनी बात पर कायम रही. आखिरकार पति को ग्रामीणों के सामने हाथ जोड़कर पत्नी से माफी मांगनी पड़ी. इसके बाद महिला कुएं से बाहर आने के लिए तैयार हुई. इस पूरे घटनाक्रम के दौरान ग्रामीणों की निगाहें कुएं पर टिकी रहीं. हालांकि, महिला को बाहर निकालने में कितना समय लगा और मौके पर सुरक्षा के क्या इंतजाम किए गए, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है.

Advertisement

घर के दरवाजे पर ताला लगाने से नाराज थी महिला

महिला ने अपनी नाराजगी की वजह बताते हुए कहा कि जब भी उसका पति घर से बाहर जाता था, वह दरवाजे पर ताला लगा देता था. इसी बात को लेकर वह नाराज थी. बताया जा रहा है कि इसी विवाद के बाद महिला ने यह कदम उठाया दिनारा थाना प्रभारी सुधीर कुशवाहा के मुताबिक, अभी तक इस मामले में पुलिस को कोई शिकायत नहीं मिली है. शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल यह घटना गांव में चर्चा का विषय बनी हुई है. घरेलू विवाद के बीच महिला का कुएं में कूदना गंभीर जोखिम वाला कदम था.


 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »