मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में एकतरफा प्यार में पागल युवक की बर्बरता का शिकार एक नाबालिग लड़की हुई है. आरोपी ने न सिर्फ कुल्हाड़ी से वार किया बल्कि पीड़ित को छत से नीचे भी फेंक दिया. फिलहाल पीड़िता की हालत नाजुक बनी हुई है और उसे बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर भेजा गया है.
यह खौफनाक वारदात शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे की है. नाबालिग अपने घर पर अकेली थी और उसके माता-पिता खेत पर काम करने गए थे. इसी दौरान मौका पाकर धर्मेंद्र परिहार नाम का युवक अपने कुछ परिजनों और साथियों के साथ जबरन घर में घुस आया. उसने आते ही नाबालिग पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिए.
जान बचाने छत पर भागी, तो फंदा लगाकर नीचे फेंका
कुल्हाड़ी के हमले से लहूलुहान घायल लड़की किसी तरह अपनी जान बचाने के लिए भागते हुए घर की छत पर चढ़ गई. लेकिन सनकी धर्मेंद्र उसके पीछे-पीछे छत पर पहुंच गया. वहां उसने क्रूरता की हदें पार करते हुए पहले रस्सी से नाबालिग के गले में फंदा बनाया और उसे छत से लटका दिया, इसके बाद उसने लड़की को सीधे नीचे फेंक दिया.
5 घंटे किया चक्काजाम
घटना की भनक लगते ही ग्रामीणों और रिश्तेदारों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया. न्याय की मांग और आरोपियों को फांसी की सजा दिए जाने की जिद को लेकर परिजनों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया.
नायब तहसीलदार शुभम गर्ग ने बताया कि आक्रोशित लोगों ने करीब 5 घंटे तक चक्काजाम रखा. बाद में पुलिस और प्रशासन के सीनियर अफस्रों ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया और समझा-बुझाकर जाम खुलवाया.
पुलिस का क्या कहना है?
एडिशनल एसपी संजीव मुले ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बताया कि मुख्य आरोपी धर्मेंद्र परिहार को तत्काल प्रभाव से गिरफ्तार कर लिया गया है. वारदात में शामिल उसके अन्य साथियों और परिजनों की तलाश के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं.
मनोज भार्गव