मध्य प्रदेश के सतना में एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है. इसमें हत्या के मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया आरोपी बोलेरो के बोनट पर बैठा दिखाई दे रहा है. हाथ में सिगरेट है और पीछे गाड़ियों और बाइकों का काफिला है. ढोल-बाजे के साथ यह जुलूस निकाला गया, जिसका वीडियो सामने आया है.
यह मामला 16 साल के सत्यम शुक्ला की हत्या से जुड़ा है. हत्या के मामले में आरोपी मान सिंह उर्फ बेटू सिंगरौल करीब 14 महीने जेल में रहा. हाल ही में उसे जमानत मिली. जेल से बाहर आने के बाद उसने समर्थकों के साथ शहर में जुलूस निकाला. इसी दौरान वह खुली बोलेरो के बोनट पर बैठकर सिगरेट पीता नजर आया.
यहां देखें वीडियो
आरोपी के जेल से बाहर आने के बाद उसके समर्थक गाड़ियों और बाइकों के साथ जमा हुए. इसके बाद शहर की सड़कों पर काफिला निकाला गया. वीडियो में बोलेरो के बोनट पर बैठा आरोपी सिगरेट पीता दिख रहा है. उसके आसपास समर्थक और पीछे गाड़ियों का काफिला नजर आ रहा है.
यह भी पढ़ें: हमीरपुर: 3 साल की मासूम से दरिंदगी और हत्या के आरोपी हीरालाल का एनकाउंटर, दोनों पैरों में लगी गोली
इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठ रहे हैं. लोगों का कहना है कि हत्या जैसे गंभीर मामले में आरोपी को जमानत मिलने के बाद इस तरह खुलेआम जश्न मनाना क्या सही है? हालांकि, जमानत मिलना अदालत का कानूनी फैसला है. इस जुलूस को लेकर पुलिस की ओर से अभी कोई बयान सामने नहीं आया है.
हत्या के किस मामले में आरोपी है मान सिंह?
यह घटना 4 सितंबर 2025 की है. सतना के कोलगवां थाना क्षेत्र में FCI गोदाम के पास एक चाय की दुकान पर विवाद हुआ था. सूर्यप्रताप सिंह नाम का व्यक्ति वहां चाय पीने रुका था. इसी दौरान मान सिंह उर्फ बेटू सिंगरौल अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा. आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपियों ने सूर्यप्रताप का मोबाइल छीन लिया. विरोध करने पर गोली चलाई गई, किस्मत से वह बच गए. इसी बीच 16 साल के सत्यम शुक्ला ने बीच-बचाव करने की कोशिश की. सत्यम ने आरोपियों से हथियार अलग रखने को कहा था. आरोप है कि इसी बात पर बेटू और उसके साथियों ने सत्यम के सीने में गोली मार दी थी.
गोली लगने से सत्यम गंभीर रूप से घायल हो गया. आरोपी उसे अस्पताल ले जाने के बजाय बिड़ला अस्पताल के गेट पर छोड़कर भाग गए. बाद में रीवा ले जाते समय रास्ते में सत्यम की मौत हो गई थी. इस हत्याकांड में आरोपी मान सिंह उर्फ बेटू सिंगरौल करीब 14 महीने जेल में रहा. हाल ही में उसे जमानत पर रिहा किया गया. इसके बाद निकाले गए जुलूस का वीडियो सामने आया है.
वेंकटेश द्विवेदी