MP News: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में गुरुवार देर रात मुहर्रम के मौके पर निकाले जा रहे ताजिया जुलूस के दौरान ताजिया हाई-टेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई और 12 से ज्यादा घायल हो गए. हादसे के बाद का वीडियो भी सामने आया है जिसमें लोग नीचे गिरे हुए नजर आ रहे हैं और जुलूस में अफरातफरी मची हुई है.
यह घटना पिपलौदा पुलिस स्टेशन इलाके के हतनारा गांव में रात 11:15 बजे हुई.
एसपी अमित कुमार ने कहा, इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई. जांच चल रही है. घायलों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में किया जा रहा है.
चश्मदीदों ने बताया कि जब जुलूस मेवाती मोहल्ले से गुजर रहा था, तो ताजिया बिजली की लाइन से टकरा गया. इसे ले जा रहे लोगों को बिजली का झटका लगा और वे जमीन पर गिर पड़े. उनके संपर्क में आने से जुलूस देखने आए आस-पास मौजूद अन्य लोग भी प्रभावित हुए. देखें VIDEO:-
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को रतलाम की मेडिकल अस्पताल लाया गया है, जहां पांच लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है. सभी का इलाज जारी है.
रतलाम मेडिकल कॉलेज के अधिकारी डॉ. रवींद्र सोलंकी ने बताया कि अस्पताल लाए गए घायलों में से तीन की पहले ही मौत हो चुकी थी.
खबर है कि हर साल ताजिया निकालते समय बिजली सप्लाई रोक दी जाती है. लेकिन इस बार जिम्मेदार बिजली की सप्लाई रोकना भूल गए. यही वजह है कि हादसा हो गया.
घटना की सूचना पर एडिशनल एसपी भी हतनारा गांव पहुंचे और ग्रामीणों से पूरी घटना की जानकारी ली है. वहीं, पिपलौदा थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
विजय मीणा