मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के मलावर क्षेत्र में दस दिन से लापता युवक गोलू वाल्मीकि की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है. पुलिस ने बुधवार को युवक के कंकाल को बरामद करते हुए आरोपी रघुवीर सौंधिया को गिरफ्तार कर लिया. इस घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने हत्या के बाद शव को एक गड्ढे में छिपा दिया था. इतना ही नहीं, उसने मृतक के कानों में पहनी सोने की मुरकी निकाल ली और उसे एयू बैंक में गिरवी रखकर करीब 40 हजार रुपये का गोल्ड फाइनेंस भी करा लिया.
मामला उस समय और चौंकाने वाला बन गया जब यह खुलासा हुआ कि वारदात वाले दिन आरोपी खुद गोलू को ढूंढने उसके घर पहुंचा था. मृतक के परिजनों के मुताबिक, नजदीकी गांव मलवारी का रहने वाला रघुवीर सौंधिया उनके घर आया और पूछा कि गोलू बकरी चराने गया है क्या. परिवार ने जब हां कहा तो वह भी उसी दिशा में चला गया, जहां गोलू रोज बकरियां चराने जाता था.
दस दिन बाद खुला लापता युवक की हत्या का राज
परिजनों ने बताया कि दोपहर तक गोलू घर नहीं लौटा तो उन्होंने उसे कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे. वहां बकरियां तो मिल गईं, लेकिन गोलू का कोई पता नहीं चला. काफी तलाश के बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई. परिजनों का आरोप है कि उन्होंने शुरुआत से ही रघुवीर सौंधिया पर शक जताया था, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और सिर्फ पूछताछ कर उसे छोड़ दिया. परिवार का कहना है कि लगातार गुहार लगाने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई.
सख्ती से पूछताछ में टूटा आरोपी, कबूला हत्या का राज
आठ दिन बाद परिजनों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई. इसके बाद बड़े अधिकारियों के हस्तक्षेप पर पुलिस हरकत में आई. आरोपी को दोबारा हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई तो वह टूट गया और उसने हत्या की बात कबूल कर ली. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक गड्ढे से गोलू के शव का कंकाल बरामद किया. पुलिस अब आरोपी से और भी पूछताछ कर रही है ताकि हत्या की पूरी वजह सामने आ सके. बरामद कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए भोपाल भेजा गया है. घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और इलाके में डर और गुस्से का माहौल बना हुआ है.
पंकज शर्मा