MP: हत्या के बाद शव गड्ढे में छिपाया, सोने की मुरकी रखकर लिया 40 हजार का गोल्ड लोन, दस दिन से लापता युवक का मिला कंकाल

राजगढ़ जिले में दस दिन से लापता युवक गोलू वाल्मीकि हत्याकांड का खुलासा हो गया है. पुलिस ने आरोपी रघुवीर सौंधिया को गिरफ्तार कर युवक का कंकाल बरामद किया. आरोपी ने हत्या के बाद मृतक के कान की सोने की मुरकी निकालकर एयू बैंक में गिरवी रख करीब 40 हजार रुपये का गोल्ड लोन भी लिया था.

Advertisement
दस दिन से लापता युवक का कंकाल मिला. (File Photo: ITG) दस दिन से लापता युवक का कंकाल मिला. (File Photo: ITG)

पंकज शर्मा

  • राजगढ़,
  • 08 मई 2026,
  • अपडेटेड 10:02 PM IST

मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के मलावर क्षेत्र में दस दिन से लापता युवक गोलू वाल्मीकि की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है. पुलिस ने बुधवार को युवक के कंकाल को बरामद करते हुए आरोपी रघुवीर सौंधिया को गिरफ्तार कर लिया. इस घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने हत्या के बाद शव को एक गड्ढे में छिपा दिया था. इतना ही नहीं, उसने मृतक के कानों में पहनी सोने की मुरकी निकाल ली और उसे एयू बैंक में गिरवी रखकर करीब 40 हजार रुपये का गोल्ड फाइनेंस भी करा लिया.

Advertisement

मामला उस समय और चौंकाने वाला बन गया जब यह खुलासा हुआ कि वारदात वाले दिन आरोपी खुद गोलू को ढूंढने उसके घर पहुंचा था. मृतक के परिजनों के मुताबिक, नजदीकी गांव मलवारी का रहने वाला रघुवीर सौंधिया उनके घर आया और पूछा कि गोलू बकरी चराने गया है क्या. परिवार ने जब हां कहा तो वह भी उसी दिशा में चला गया, जहां गोलू रोज बकरियां चराने जाता था.

दस दिन बाद खुला लापता युवक की हत्या का राज

परिजनों ने बताया कि दोपहर तक गोलू घर नहीं लौटा तो उन्होंने उसे कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे. वहां बकरियां तो मिल गईं, लेकिन गोलू का कोई पता नहीं चला. काफी तलाश के बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई. परिजनों का आरोप है कि उन्होंने शुरुआत से ही रघुवीर सौंधिया पर शक जताया था, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और सिर्फ पूछताछ कर उसे छोड़ दिया. परिवार का कहना है कि लगातार गुहार लगाने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई.

Advertisement

सख्ती से पूछताछ में टूटा आरोपी, कबूला हत्या का राज
 

आठ दिन बाद परिजनों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई. इसके बाद बड़े अधिकारियों के हस्तक्षेप पर पुलिस हरकत में आई. आरोपी को दोबारा हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई तो वह टूट गया और उसने हत्या की बात कबूल कर ली. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक गड्ढे से गोलू के शव का कंकाल बरामद किया. पुलिस अब आरोपी से और भी पूछताछ कर रही है ताकि हत्या की पूरी वजह सामने आ सके. बरामद कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए भोपाल भेजा गया है. घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और इलाके में डर और गुस्से का माहौल बना हुआ है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »