NEET परीक्षा के लिए रेलवे का खास इंतजाम, भोपाल-इंदौर समेत मध्य प्रदेश के इन शहरों में चलेंगी स्पेशल ट्रेनें, देखें शेड्यूल

NEET Exam Special Trains: नीट परीक्षा के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने इंदौर, भोपाल समेत मध्य प्रदेश के कई शहरों में विशेष किराये पर स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है. आइए देखते हैं टाइम शेड्यूल.

Advertisement
Special Trains For NEET Exam in Madhya Pradesh (File Photo-ITG) Special Trains For NEET Exam in Madhya Pradesh (File Photo-ITG)

aajtak.in

  • भोपाल,
  • 19 जून 2026,
  • अपडेटेड 8:40 AM IST

21 जून को आयोजित होने जा रही NEET परीक्षा के लिए रेलवे ने मध्य प्रदेश में भी स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है. जो इंदौर, भोपाल और रतलाम के बीच चलेंगी ताकि परीक्षा देने जा रहे छात्र-छात्राओं और अन्य यात्रियों को सुविधा मिल सके.

पश्चिम मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हर्षित श्रीवास्तव ने बताया कि ट्रेन नंबर 09354 इंदौर से भोपाल जाएगी. यह ट्रेन रतलाम होते हुए चलेगी. वहीं, ट्रेन नंबर 09353 भोपाल से रतलाम तक चलेगी. दोनों स्पेशल ट्रेनों में कुल 17 कोच होंगे. इनमें 13 स्लीपर क्लास, 2 जनरल और 2 एसएलआर/डी (दिव्यांगों के लिए) कोच शामिल हैं.

Advertisement

ट्रेन का समय और ठहराव
ट्रेन संख्या 09354 इंदौर से 20 जून को सुबह 11:25 बजे रवाना होगी और शाम 7 बजे भोपाल पहुंचेगी. यह ट्रेन फतेहाबाद चंद्रावतीगंज जंक्शन, बड़नगर, रतलाम, नागदा, उज्जैन, मक्सी, शुजालपुर, सिहोर और संत हिरदाराम नगर स्टेशनों पर रुकेगी.

वहीं, ट्रेन संख्या 09353 भोपाल से शाम 7:40 बजे चलेगी और अगले दिन सुबह 12:55 बजे रतलाम पहुंचेगी. यह संत हिरदाराम नगर, सिहोर, शुजालपुर, मक्सी, उज्जैन और नागदा स्टेशनों पर ठहरेगी. रेलवे अधिकारियों का कहना है कि ये स्पेशल ट्रेनें NEET परीक्षा केंद्रों पर जाने वाले छात्रों और इन शहरों के बीच यात्रा करने वाले आम यात्रियों को बड़ी राहत देंगी.

NEET एग्जाम के लिए पश्चिम रेलवे चलाएगा 6 स्पेशल ट्रेनें, जानें टाइमिंग और बुकिंग डिटेल
 

भोपाल मंडल में भीड़ प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम
भोपाल मंडल के अंतर्गत आने वाले परीक्षा केंद्रों पर बड़ी संख्या में छात्र पहुंचने वाले हैं. भोपाल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी नवल अग्रवाल ने बताया कि भोपाल में सबसे ज्यादा 13,774 छात्र परीक्षा देंगे. गुना में 1,839, विदिशा में 1,709, नर्मदापुरम में 1,283 और अशोकनगर में 865 छात्र परीक्षा में शामिल होंगे.

Advertisement

रेलवे ने परीक्षा केंद्रों से जुड़े प्रमुख स्टेशनों पर खास भीड़ प्रबंधन व्यवस्था की है. स्टेशनों पर अतिरिक्त कमर्शियल स्टाफ, आरपीएफ और परिचालन स्टाफ तैनात किए जाएंगे. प्लेटफॉर्म, प्रवेश और निकास द्वारों पर बैरिकेडिंग लगाई जाएगी और यात्रियों को मार्गदर्शन दिया जाएगा.

सीनियर डिविजनल कमर्शियल मैनेजर सौरभ कटारिया ने कहा कि स्टेशनों पर रेलवे कर्मचारी छात्रों को जरूरी जानकारी देंगे. किसी भी अप्रत्याशित भीड़ या समस्या से निपटने के लिए स्टाफ को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं.

रेलवे प्रशासन ने सभी NEET उम्मीदवारों और उनके परिवार के सदस्यों से अपील की है कि वे स्टेशन पर समय से पहले पहुंचें, रेलवे स्टाफ के निर्देशों का पालन करें और सुरक्षित व व्यवस्थित यात्रा में सहयोग करें. ये खास इंतजाम छात्रों को बिना किसी परेशानी के परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने में मदद करेंगे.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »