घर के बगीचे में घुसा तेंदुआ, सिर पर दिखे चोट और खून के निशान... सुबह-सुबह सहम गए लोग

Indore Leopard Terror: इंदौर में क्रिसेंट वॉटर पार्क के पास घर में घुसा घायल तेंदुआ. वीडियो हुआ वायरल. वन विभाग की टीम कर रही तलाश. पढ़ें पूरी रिपोर्ट.

Advertisement
बगीचे में बैठा दिखा तेंदुआ, सिर पर दिखे चोट के निशान.(Photo:Screengrab) बगीचे में बैठा दिखा तेंदुआ, सिर पर दिखे चोट के निशान.(Photo:Screengrab)

धर्मेंद्र कुमार शर्मा

  • इंदौर ,
  • 23 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 11:44 PM IST

मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है. शहर के देवगुराड़िया इलाके में क्रिसेंट वॉटर पार्क के पास स्थित एक रिहायशी मकान के बगीचे में अचानक एक तेंदुआ घुस आया. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और लोगों में भारी दहशत का माहौल है. गनीमत यह रही कि इस दौरान किसी भी व्यक्ति या पालतू पशु के हताहत होने की कोई सूचना नहीं मिली है. सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई और तेंदुए की तलाश में सर्चिंग अभियान शुरू कर दिया है.

Advertisement

क्रिसेंट वॉटर पार्क के सामने स्थित एक घर के बगीचे में तेंदुए को बैठा हुआ देखा गया. मकान मालिक ने जब अपनी आंखों से जंगली जानवर को देखा, तो उसने अपनी सूझबूझ का परिचय देते हुए मोबाइल से इसका वीडियो बना लिया.

यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि तेंदुआ घर के बगीचे में बैठा है और कुछ देर बाद वह दूसरी ओर भागता हुआ दिखाई दे रहा है.

वीडियो को गौर से देखने पर उसके सिर पर चोट या खून जैसे लाल निशान भी दिखाई दे रहे हैं, जिससे यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि तेंदुआ घायल अवस्था में है. देखें VIDEO:- 

DFO ने दी पूरी जानकारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए इंदौर के डीएफओ लाल सुधाकर सिंह ने स्थिति साफ की है. उन्होंने बताया कि सुबह करीब 9:15 बजे विभाग को इस घटना की सूचना मिली थी, जिसके तुरंत बाद फॉरेस्ट रेस्क्यू टीम को मौके पर रवाना कर दिया गया.

Advertisement

डीएफओ के मुताबिक, टीम ने बताए गए पते और उसके आसपास के इलाके में सघन सर्चिंग की, लेकिन वीडियो के अलावा तेंदुए की मौजूदगी के अन्य प्रत्यक्ष प्रमाण या पदचिह्न अभी तक नहीं मिले हैं.

घटनास्थल के आसपास घनी झाड़ियां और पेड़-पौधे हैं. इसके अलावा, यहां से मात्र डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर इंदौर वन परिक्षेत्र की रणभंवर बीट स्थित है, जिससे यह संभावना जताई जा रही है कि तेंदुआ वहीं से भटककर रिहायशी इलाके में आ गया होगा.

वन विभाग का कहना है कि तेंदुए के घायल होने की वास्तविक स्थिति उसके पकड़े जाने या प्रत्यक्ष निरीक्षण के बाद ही साफ हो सकेगी. यदि उसके घायल होने की पुष्टि होती है, तो उसका इलाज करवाकर सुरक्षित रेस्क्यू किया जाएगा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »