मध्य प्रदेश के खरगोन में मुंबई-आगरा नेशनल हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ है. यहां तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि युवक फुटबॉल की तरह हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरा. हादसे में बाइक और कार दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं. पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.
हादसा जिला मुख्यालय से करीब 70 किलोमीटर दूर खलटांका पुलिस चौकी क्षेत्र के निमरानी में हुआ. जानकारी के मुताबिक, बाइक सवार सड़क पर बाईं ओर मुड़ रहा था. इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही कार ने उसे टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और युवक उछलकर काफी दूर जा गिरा.
यह भी पढ़ें: मध्य प्रदेश: खरगोन में 5 साल की बच्ची से छेड़छाड़ के आरोप में स्कूल प्राचार्य गिरफ्तार
इस हादसे में बाइक सवार मोईन गंभीर रूप से घायल हो गया. सूचना मिलने पर खलटांका पुलिस चौकी की टीम तत्काल मौके पर पहुंची. घायल को प्राथमिक उपचार के बाद धामनोद अस्पताल भेजा गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए इंदौर रेफर कर दिया गया.
देखें वीडियो...
हादसे के बाद कार चालक और सवार फरार
हादसे के बाद कार चालक और उसमें बैठे सभी लोग मौके से फरार हो गए. दुर्घटना में कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है. घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने कार की तलाश तेज कर दी है.
पुलिस टीम को आरोपियों की तलाश में लगाया गया है. सीसीटीवी फुटेज की मदद से टक्कर मारने वाली कार की पहचान करने और उसके चालक तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है.
एडिशनल SP बोले- केस दर्ज, कार की तलाश जारी
मामले में एडिशनल एसपी बिट्टू सहगल ने बताया कि घटना को लेकर केस दर्ज कर लिया गया है. टक्कर मारने वाली कार की तलाश की जा रही है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन और उसमें सवार लोगों का पता लगाने में जुटी है.
फिलहाल, गंभीर रूप से घायल मोईन का इंदौर में इलाज कराया जा रहा है. वहीं, हादसे के बाद फरार कार चालक और अन्य सवारों की तलाश जारी है.
उमेश रेवलिया