जबलपुर के बरगी डैम में बड़ा हादसा: 30 पर्यटकों से भरा क्रूज डूबा, 6 शव बरामद, कई लापता, रेस्क्यू जारी

MP News: जबलपुर के बरगी डैम में पर्यटकों से भरा क्रूज डूबा. तेज हवाओं के चलते नर्मदा बैकवाटर में हुआ हादसा. 6 लोगों की मौत, कई लापता. प्रशासन का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी. पढ़ें ताजा अपडेट...

Advertisement
नर्मदा के बैकवाटर में डूबा पर्यटकों का क्रूज.(Photo:Screengrab) नर्मदा के बैकवाटर में डूबा पर्यटकों का क्रूज.(Photo:Screengrab)

रवीश पाल सिंह / धीरज शाह

  • जबलपुर,
  • 30 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 9:39 PM IST

MP News: जबलपुर के प्रमुख पर्यटन स्थल बरगी डैम से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां नर्मदा नदी के बैकवाटर में पर्यटकों से भरा एक क्रूज अचानक डूब गया. हादसे के वक्त क्रूज पर करीब 30 लोग सवार बताए जा रहे हैं.

जब क्रूज नर्मदा के गहरे बैकवाटर में था, तभी अचानक मौसम बदला और तेज हवाएं चलने लगीं. पानी की ऊंची लहरों और तेज हवा के दबाव के कारण क्रूज अपना संतुलन खो बैठा और देखते ही देखते पानी में समा गया. देखें VIDEO:- 

Advertisement

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय नाविकों और प्रशासन ने बचाव कार्य शुरू किया. अब तक करीब 15 लोगों को सुरक्षित पानी से बाहर निकाल लिया गया है.

यह भी पढ़ें: नर्मदा नदी पर बना पहला बांध है बरगी डैम... जहां डूबा 30 टूरिस्ट से भरा क्रूज

राहत और बचाव दल ने 6 शव बरामद किए हैं. अभी भी कुछ लोग लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश के लिए गोताखोर और SDRF की टीमें जुटी हुई हैं. देखें VIDEO:- 

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं. घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है.

स्थानीय लोगों के मुताबिक, अचानक आए तूफान की वजह से क्रूज चालक को संभलने का मौका नहीं मिला. फिलहाल प्राथमिकता लापता लोगों को जल्द से जल्द ढूंढने की है.

CM मोहन यादव की हादसे पर नजर

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस हादसे को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया. सूबे के मुखिया ने लिखा, ''आज जबलपुर में तेज आंधी-तूफान के कारण बरगी डैम में हुए दुखद क्रूज हादसे को लेकर स्थानीय प्रशासन एवं रेस्क्यू फोर्स का ऑपरेशन लगातार जारी है.

Advertisement

लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह , पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी , संभाग प्रभारी एसीएस, एडीजी और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं.

त्वरित बचाव कार्य से 15 नागरिकों को सकुशल बचा लिया गया है. जो लापता हैं, उन्हें जल्द से जल्द ढूंढने का प्रयास किया जा रहा है.

संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार पूर्ण संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता सुनिश्चित की जा रही है.''

4-4 लाख रुपये मुआवजे का ऐलान

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि इस हादसे में जो जनहानि हुई है, वह अत्यंत पीड़ादायक है. शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. मृतकों के परिवारजनों को राज्य शासन की ओर से 4-4 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं.

29 यात्रियों के टिकट किए गए थे जारी 

सरकार की ओर से जानकारी दी गई कि बरगी बांध में क्रूज में कुल 29 यात्रियों के टिकट जारी किए गए थे. इनमें से 15 व्यक्तियों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि 6 व्यक्तियों की मृत्यु की पुष्टि हुई है. शेष व्यक्तियों की तलाश एवं बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है घटनास्थल पर जबलपुर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के साथ SDRF समेत अन्य बचाव दल मौजूद हैं और राहत व बचाव कार्य सतत रूप से संचालित किए जा रहे हैं.

Advertisement

परिजनों के लिए बिखलती नजर आई महिला 
रेस्क्यू में बचाई गई एक महिला डैम किनारे अपनों के लिए बिलखती नजर आई. उसका कहना था कि वे सात लोग क्रूज पर सवार थे. उसमें बच्चा भी था. यह कहते कहते उसका गला रुंध गया. देखें VIDEO:-

प्रशासन की लापरवाही उजागर

बरगी डैम हादसे में प्रशासन की लापरवाही उजागर हुई है. दरअसल, मौसम विभाग ने जबलपुर में तेज हवाओं के चलने का येलो अलर्ट जारी किया था.  40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाओं के चलने का अलर्ट था. इसके बावजूद नर्मदा नदी में क्रूज चलाने दिया गया.  क्रूज जब नर्मदा नदी में था तब भी तेज हवायें चल रही थीं, इसके बावजूद क्रूज का संचालन जारी रहा. यही हादसे का कारण बना.

लापता लोगों की तलाश जारी: मंत्री

घटनास्थल पर पहुंचे BJP सरकार के मंत्री राकेश सिंह ने बताया कि कलेक्टर समेत स्थानीय प्रशासन से चर्चा कर राहत और बचाव कार्य संबंधी आवश्यक निर्देश दिए हैं. एसडीआरएफ की टीम भी रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए मौके पर पहुंच चुकी है. इस मुश्किल घड़ी में हम सभी प्रभावित परिजनों के साथ हैं.  

यह भी पढ़ें: बरगी डैम हादसा: प्रशासन की बड़ी लापरवाही आई सामने, 'येलो अलर्ट' के बावजूद नदी में चलाने दिया क्रूज

कांग्रेस ने BJP सरकार को घेरा
इस घटना के बाद मध्य प्रदेश में राजनीति तेज हो गई है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा, ''जबलपुर के बर्गी डैम में क्रूज पलटने से 4 लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद और हृदयविदारक है. यह सिर्फ एक हादसा नहीं, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है. जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय होना आवश्यक है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. मैं ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं, शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं.'' 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement