इंदौर में पुलिस ने एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है, जो रातोंरात अमीर बनने के चक्कर में ड्रग्स तस्करी के धंधे में उतर गया. पुलिस के मुताबिक, आरोपी लग्जरी गाड़ियों, ब्रांडेड लाइफस्टाइल और पब-क्लब वाली जिंदगी जीना चाहता था. इसके लिए उसने MD ड्रग्स की तस्करी शुरू कर दी. क्राइम ब्रांच ने आरोपी के पास से 259 ग्राम MD ड्रग्स बरामद की है. इसकी कीमत करीब 25 लाख 90 हजार रुपये बताई जा रही है.
मामला इंदौर क्राइम ब्रांच से जुड़ा है. पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मंदसौर जिले से MD ड्रग्स की एक बड़ी खेप लेकर एक शख्स इंदौर की तरफ आ रहा है. अब सूचना मिली तो पुलिस ने भी तैयारी कर ली. सुपर कॉरिडोर पर चेकिंग पॉइंट लगाया गया. आने-जाने वाले वाहनों पर नजर रखी जाने लगी. इसी दौरान एक शख्स काले रंग की बाइक पर आता दिखाई दिया.
यह भी पढ़ें: 13 हजार करोड़ के ड्रग्स केस में UAE से लाया गया वांटेड वीरेंद्र बसोया, 21 अगस्त तक NCB को मिली कस्टडी
पुलिस के मुताबिक, बाइक सवार ने जैसे ही पुलिस को देखा, उसने भागने की कोशिश की. पुलिस को शक हुआ तो घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया. तलाशी ली गई तो मामला और गंभीर निकला. पुलिस के मुताबिक, बाइक की पेट्रोल टंकी के पास प्लास्टिक की एक थैली में MD ड्रग्स छिपाकर रखी गई थी. कुल 259 ग्राम MD ड्रग्स बरामद हुई. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर ड्रग्स जब्त कर ली.
सपना था- महंगी गाड़ी, ब्रांडेड सामान और क्लब वाली जिंदगी
पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह जल्दी अमीर बनना चाहता था. उसे लग्जरी गाड़ियां चाहिए थीं. ब्रांडेड लाइफस्टाइल चाहिए थी. पब और क्लब में जाकर जिंदगी जीने का शौक था. लेकिन कमाई इतनी नहीं थी कि ये सब आसानी से हासिल हो सके. पुलिस के मुताबिक, इसी लालच में वह अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने लगा. यानी लाइफस्टाइल लग्जरी चाहिए थी, रास्ता ड्रग्स वाला चुन लिया.
क्राइम ब्रांच अब यह पता लगाने में जुटी है कि MD ड्रग्स की खेप उसे कहां से मिली थी और इंदौर में इसकी सप्लाई किसे की जानी थी. पूछताछ के जरिए यह भी पता लगाने की कोशिश हो रही है कि आरोपी पहले कितनी बार ड्रग्स की तस्करी कर चुका है और उसके साथ इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग जुड़े हैं.
DCP क्राइम राजेश त्रिपाठी के मुताबिक, मामले में आगे की जांच जारी है. फिलहाल 25.90 लाख रुपये की MD ड्रग्स जब्त है, आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है और जांच उस पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश कर रही है, जहां से ये नशे की खेप इंदौर पहुंची थी.
धर्मेंद्र कुमार शर्मा