बर्थडे पार्टी में हुई मुलाकात, फिर मर्सिडीज से करने लगा नशे का कारोबार, कोकीन के साथ तस्कर गिरफ्तार

इंदौर में जूनी इंदौर पुलिस ने धोबी घाट के पास मर्सिडीज कार से 2 ग्राम से ज्यादा कोकीन बरामद कर कल्प काकरिया को गिरफ्तार किया है. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दोस्त की बर्थडे पार्टी में उसकी मुलाकात एक व्यक्ति से हुई थी, जिसके जरिए वह नशे के नेटवर्क से जुड़ा. पुलिस अब सप्लाई चेन और दूसरे लोगों की तलाश कर रही है.

Advertisement
नेटवर्क की जांच शुरू.(Photo: Dharmendra Kumar Sharma/ITG) नेटवर्क की जांच शुरू.(Photo: Dharmendra Kumar Sharma/ITG)

धर्मेंद्र कुमार शर्मा

  • इंदौर,
  • 07 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 4:26 PM IST

मध्य प्रदेश के इंदौर में पुलिस ने एक युवक को कोकीन के साथ गिरफ्तार किया गया है. जूनी इंदौर पुलिस ने धोबी घाट के पास लाल रंग की मर्सिडीज कार में बैठे युवक को पकड़ा. उसकी पहचान कल्प काकरिया के रूप में हुई है. तलाशी के दौरान उसके पास से 2 ग्राम से ज्यादा कोकीन बरामद हुई है. पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मर्सिडीज कार भी जब्त कर ली है.

Advertisement

पुलिस के मुताबिक, नशे की गतिविधियों पर नजर रखने के दौरान धोबी घाट के पास एक लग्जरी कार में संदिग्ध युवक दिखाई दिया. इसके बाद टीम ने कार की तलाशी ली. इस दौरान कल्प काकरिया के कब्जे से कोकीन मिली. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है.

यह भी पढ़ें: इंदौर में 10 महीने में ठगे गए ₹50 करोड़: 7000 शिकायतों के बीच पुलिस ने रिकवर कराए 7 करोड़, 450 फेक अकाउंट्स ब्लॉक

शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह एक दोस्त की बर्थडे पार्टी में किसी व्यक्ति के संपर्क में आया था. इसी मुलाकात के जरिए उसका नशे के नेटवर्क से जुड़ाव हुआ. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पार्टी में उसकी मुलाकात किससे हुई थी और इसके बाद वह किस तरह कोकीन की सप्लाई से जुड़ा.

Advertisement

बर्थडे पार्टी से शुरू हुआ संपर्क, सप्लाई नेटवर्क की जांच

पुलिस को आशंका है कि आरोपी के जरिए नशे के कारोबार से जुड़े दूसरे लोगों तक पहुंचा जा सकता है. पूछताछ में सामने आए नामों और संपर्कों की पड़ताल की जा रही है. जांच का मुख्य फोकस कोकीन की सप्लाई चेन और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान करना है.

एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के मुताबिक, पूछताछ के दौरान जिन लोगों के नाम सामने आ रहे हैं, उनका सत्यापन किया जा रहा है. पुलिस पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है. जांच में जिन लोगों की भूमिका सामने आएगी, उनके खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी.

मर्सिडीज कार जब्त, दूसरे तस्करों की तलाश

इस मामले में पुलिस ने आरोपी के पास से 2 ग्राम से अधिक कोकीन बरामद करने के साथ ही लाल रंग की मर्सिडीज कार भी जब्त की है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी इस कार का इस्तेमाल नशे की सप्लाई के लिए किस तरह करता था और उसे कोकीन कहां से मिलती थी.

फिलहाल, आरोपी से पूछताछ जारी है. पुलिस बर्थडे पार्टी में बने संपर्क से लेकर कोकीन की सप्लाई तक की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है. अधिकारियों का कहना है कि नेटवर्क से जुड़े सभी लोगों के खिलाफ जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »