5वीं के बच्चे ने खोली नेशनल हाईवे की पोल! 11 घंटे जाम में फंसा परिवार, मासूम ने गडकरी से पूछा बड़ा सवाल

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी अक्सर कहते हैं कि आने वाले समय में देश का रोड नेटवर्क इतना बेहतर होगा कि दिल्ली जैसे शहरों तक का सफर कुछ घंटों में पूरा हो जाएगा. लेकिन मध्यप्रदेश के ग्वालियर-मुरैना नेशनल हाईवे पर लगे भीषण ट्रैफिक जाम ने इन दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Advertisement
5वीं के छात्र की रिपोर्टिंग हुई वायरल.(Photo:Screengrab) 5वीं के छात्र की रिपोर्टिंग हुई वायरल.(Photo:Screengrab)

सर्वेश पुरोहित

  • ग्वालियर/मुरैना,
  • 21 जून 2026,
  • अपडेटेड 4:09 PM IST

ग्वालियर-मुरैना नेशनल हाईवे पर लगे भीषण ट्रैफिक जाम ने एक बार फिर सड़क व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. ग्वालियर से मथुरा-वृंदावन दर्शन के लिए निकला एक परिवार घंटों तक जाम में फंसा रहा. हालात इतने खराब रहे कि शाम 5 बजे निकला परिवार रात 11 बजे तक मुरैना भी नहीं पहुंच सका.

इसी दौरान कक्षा 5वीं के छात्र विहान पाठक ने मोबाइल कैमरा उठाकर मौके से ग्राउंड रिपोर्टिंग की. अपनी वीडियो रिपोर्ट में विहान ने जाम में फंसी एंबुलेंस, परेशान यात्रियों और पुलिस की बेबसी को दिखाते हुए केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री Nitin Gadkari और प्रधानमंत्री Narendra Modi से सवाल किया कि जब वर्तमान हाईवे की यह स्थिति है तो भविष्य के बड़े-बड़े दावों पर लोग कैसे भरोसा करें.

Advertisement

मासूम की यह बेबाक रिपोर्टिंग अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है.

दरअसल, ग्वालियर से एक परिवार शनिवार शाम करीब पांच बजे मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मस्थली, वृंदावन दर्शन के लिए निकला था, लेकिन ग्वालियर-मुरैना हाईवे पर लगे भीषण ट्रैफिक जाम ने उनकी पूरी यात्रा रोक दी. हालात ऐसे बने कि रात करीब ग्यारह बजे तक परिवार मुरैना भी नहीं पहुंच पाया. 

मजबूर होकर पटिया वाले बाबा स्थान से पहले परिवार ने अपनी कार सड़क किनारे खड़ी कर दी और पास के एक ढाबे पर बैठकर जाम खुलने का इंतजार करने लगा. लेकिन कई घंटे बीत जाने के बाद भी ट्रैफिक सामान्य नहीं हो सका. हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं, कई गाड़ियां गर्म होकर बंद हो गईं और मरीजों को लेकर जा रही एंबुलेंस भी जाम में फंसी नजर आई.

Advertisement

इसी दौरान कक्षा पांचवीं में पढ़ने वाले विहान पाठक ने मोबाइल कैमरा संभाला और मौके से ही ग्राउंड रिपोर्टिंग शुरू कर दी. वीडियो में उसने बताया कि जब उसने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से जाम का कारण पूछा तो पहले बताया गया कि आगे सड़क हादसा हुआ है, लेकिन कुछ देर बाद यही कहा गया कि इलाके में शादियां ज्यादा होने की वजह से ट्रैफिक जाम लगा है.

मासूम ने अपनी रिपोर्टिंग में यह भी दिखाया कि घंटों तक जाम नहीं खुलने से मौके पर तैनात पुलिसकर्मी भी बेबस नजर आए और कुछ पुलिसकर्मी सड़क किनारे बैठ गए, जबकि दूसरी ओर आम लोग, परिवार, छोटे बच्चे और एंबुलेंस चालक घंटों तक परेशान होते रहे. देखें VIDEO:- 

वीडियो में विहान पाठक ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से सवाल किया कि जब वर्तमान हाईवे की यह स्थिति है, तो भविष्य में 3-4 घंटे में दिल्ली पहुंचाने वाले दावों पर लोग कैसे भरोसा करें. उसने कहा कि पहले मौजूदा हाईवे की व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए. इसके साथ ही उसने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी अपील करते हुए कहा कि आम लोगों को घंटों तक सड़क पर परेशान होने से बचाने के लिए इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाए.

मासूम की यह बेबाक ग्राउंड रिपोर्टिंग अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. वीडियो में दिखाई दे रही लंबी वाहन कतारें, जाम में फंसी एंबुलेंस, परेशान यात्री और पुलिस की बेबसी कई सवाल खड़े कर रही है. सबसे बड़ा सवाल यही है कि यदि राष्ट्रीय राजमार्ग पर घंटों तक ट्रैफिक जाम की ऐसी स्थिति बनी रहती है, तो आम लोगों को राहत आखिर कब मिलेगी.जब इस बदहाल व्यवस्था पर सवाल एक कक्षा पांचवीं का मासूम छात्र उठाता है, तो यह मामला और भी गंभीर हो जाता है. अब देखना होगा कि जिम्मेदार विभाग इस समस्या के समाधान के लिए क्या कदम उठाता है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »