पहले दोस्ती, फिर नजदीकी और चुपके से वीडियो रिकॉर्डिंग, मोबाइल खुला तो पुलिस भी रह गई हैरान, 40 से ज्यादा महिलाओं के वीडियो मिले

ग्वालियर में महिलाओं से दोस्ती कर शारीरिक संबंध बनाने और कथित तौर पर आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड करने का मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक आरोपी योगेश गुप्ता के मोबाइल की जांच में 40 से ज्यादा महिलाओं के वीडियो मिले हैं. झांसी की एक महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है. पुलिस अन्य महिलाओं से भी संपर्क कर रही है.

Advertisement
युवक के मोबाइल में मिले कई महिलाओं के साथ आपत्तिजनक वीडियो युवक के मोबाइल में मिले कई महिलाओं के साथ आपत्तिजनक वीडियो

सर्वेश पुरोहित

  • ग्वालियर ,
  • 06 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 10:58 PM IST

ग्वालियर के यूनिवर्सिटी थाना क्षेत्र में महिलाओं से दोस्ती कर उनके साथ नजदीकी बढ़ाने और कथित तौर पर आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड करने का मामला सामने आया है. आरोपी की पहचान सिटी सेंटर स्थित न्यू सारिका विहार निवासी योगेश गुप्ता के रूप में हुई है. आरोप है कि योगेश पहले महिलाओं से दोस्ती करता था. इसके बाद उनके साथ नजदीकी बढ़ाकर शारीरिक संबंध बनाता और इस दौरान वीडियो रिकॉर्ड कर लेता था. मामला तब सामने आया, जब एक महिला ने इस संबंध में हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं को जानकारी दी.

Advertisement

जानकारी मिलने के बाद संगठन के कार्यकर्ताओं ने योगेश गुप्ता को पकड़ लिया और उसे यूनिवर्सिटी थाना पुलिस के हवाले कर दिया. शनिवार को आरोपी को पुलिस के सुपुर्द किए जाने के बाद मामले की जांच शुरू हुई. पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फोन की जांच की तो उसमें बड़ी संख्या में महिलाओं के आपत्तिजनक वीडियो मिलने की बात सामने आई. पुलिस के मुताबिक मोबाइल में 40 से ज्यादा महिलाओं के वीडियो मिले हैं. इसके बाद पुलिस ने वीडियो की जांच शुरू कर दी.

झांसी की महिला ने थाने पहुंचकर दर्ज कराई शिकायत

मामले का खुलासा उस समय हुआ, जब मूल रूप से झांसी की रहने वाली एक महिला ने आरोपी के खिलाफ शिकायत करने का फैसला किया. महिला ने आरोप लगाया कि योगेश ने पहले उसके साथ नजदीकी बढ़ाई और फिर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए. इसी दौरान उसने उसका वीडियो रिकॉर्ड कर लिया. महिला ने यह जानकारी हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं को भी दी थी. इसके बाद कार्यकर्ताओं ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया था.

Advertisement

आरोपी को पुलिस के हवाले किए जाने के बाद पुलिस पीड़िता का इंतजार करती रही. इसके बाद रात करीब 12:10 बजे झांसी की रहने वाली महिला ग्वालियर पहुंची और सीधे यूनिवर्सिटी थाने गई. वहां उसने पुलिस को अपनी शिकायत दी. पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है. इसके बाद आरोपी के मोबाइल में मिले वीडियो और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है.

पुलिस के मुताबिक आरोपी के मोबाइल में मिले कुछ वीडियो ऐसे भी बताए जा रहे हैं, जिनमें वह महिलाओं के साथ उनके छोटे बच्चों के सामने आपत्तिजनक बातचीत और हरकत करता दिखाई दे रहा है. पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है. साथ ही आशंका जताई जा रही है कि वीडियो के जरिए महिलाओं को डराकर या वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया जाता था. हालांकि पुलिस जांच के बाद ही इस संबंध में स्थिति स्पष्ट होगी.

बताया जा रहा है कि जैसे ही पीड़ित महिला पुलिस थाने पहुंची, आरोपी के समर्थन में कुछ लोग भी वहां पहुंच गए. आरोप है कि उन्होंने मामले में राजीनामा कराने के लिए दबाव बनाने की कोशिश की. वहीं पुलिस का कहना है कि पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है. पुलिस आरोपी के मोबाइल में मिले वीडियो की पड़ताल कर रही है.

Advertisement

40 से ज्यादा महिलाओं के वीडियो की जांच

पुलिस के सामने अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आरोपी के मोबाइल में मिले 40 से ज्यादा वीडियो किन महिलाओं के हैं और ये वीडियो किस परिस्थिति में रिकॉर्ड किए गए. पुलिस इन वीडियो की जांच कर रही है और अन्य महिलाओं से भी संपर्क करने की कोशिश की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल झांसी की महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. हिंदू संगठन के कार्यकर्ता भगवती प्रसाद शुक्ला ने मामले को लेकर जानकारी दी. वहीं ग्वालियर के CSP रोबिन जैन ने पुलिस की कार्रवाई और जांच के संबंध में जानकारी दी. पुलिस का कहना है कि अन्य महिलाओं से बातचीत के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »