मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिला अस्पताल से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. जहां SNCU वार्ड में भर्ती महज एक दिन की नवजात बच्ची की गला दबाकर हत्या कर दी गई. बच्ची के गले पर दबाने के निशान मिले और उसके मुंह से खून निकल रहा था. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी गला घोंटे जाने की पुष्टि हुई है. अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि अस्पताल के वार्ड में इस मासूम की जान किसने ली?
चंदेरी के सकरा गांव निवासी भावना ने देर रात एक बच्ची को जन्म दिया था. जन्म के बाद नवजात को जिला अस्पताल के SNCU वार्ड में भर्ती कराया गया था. शनिवार दोपहर परिजनों ने डॉक्टरों को बच्ची के मुंह से खून आने की जानकारी दी. डॉक्टरों ने जांच की तो बच्ची की मौत हो चुकी थी. उसके गले पर नीले-लाल रंग के गहरे निशान दिखाई दिए.
सिविल सर्जन डॉ. बी.एल. टैगोर के अनुसार, मां ने बताया कि उसने बच्ची को दूध पिलाया था. इसके कुछ देर बाद बच्ची अचेत अवस्था में मिली. डॉक्टरों ने जब उसकी जांच की तो मामला सामान्य मौत का नहीं लगा. पोस्टमार्टम के बाद गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हो गई.
वार्ड में मां और दादी ही थीं मौजूद
पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना के वक्त बच्ची के पास उसकी मां और दादी मौजूद थीं. फिलहाल अस्पताल के अंदर किसी बाहरी व्यक्ति के पहुंचने का कोई सुराग नहीं मिला है. SNCU वार्ड के भीतर CCTV कैमरा भी नहीं लगा था. ऐसे में पुलिस अब अस्पताल के गलियारों और आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगाल रही है.
मां और दादी से भी पुलिस गहन पूछताछ कर रही है. जांच का सबसे अहम सवाल यही है कि नवजात की मौत से ठीक पहले वार्ड में क्या हुआ था और उसके गले पर दबाने के निशान कैसे आए. पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है और CCTV फुटेज के जरिए घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने की कोशिश में जुटी है.
महज एक दिन की इस मासूम की मौत ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. हालांकि बच्ची की हत्या किसने और क्यों की, इसका खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही होगा.
राहुल कुमार जैन