MP: टीचर ने वॉट्सएप स्टेटस पर लगाया अंग्रेजी का पेपर, कमिश्नर ने 3 को किया सस्पेंड

बुरहानपुर जिले के नेपानगर में बोर्ड परीक्षा के दौरान एक शिक्षिका की बड़ी लापरवाही सामने आई है. प्रश्नपत्र की फोटो वॉट्सएप स्टेटस पर लगाने के मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए शिक्षिका और केंद्र अध्यक्ष सहित तीन लोगों को निलंबित कर दिया है.

Advertisement
वॉट्सएप स्टेटस पर पेपर शेयर किया.(Photo:Screengrab) वॉट्सएप स्टेटस पर पेपर शेयर किया.(Photo:Screengrab)

अशोक सोनी

  • बुरहानपुर,
  • 19 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 9:58 AM IST

मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले में उस समय हड़कंप मच गया जब एक टीचर ने वॉट्सएप स्टेटस पर परीक्षा प्रश्नपत्र की तस्वीर शेयर कर दी. जांच के बाद टीचर और केंद्र अध्यक्ष को सस्पेंड कर दिया गया है. प्रशासन ने दावा किया है कि प्रश्नपत्र लीक नहीं हुआ है और परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई.

यह घटना मंगलवार सुबह 9:35 बजे सामने आई, जब तुकईथड की प्राथमिक शिक्षिका राजकुमारी सोनी के वॉट्सएप स्टेटस पर परीक्षा से संबंधित फोटो देखी गई.

Advertisement

प्रथम दृष्टया प्रश्नपत्र प्रतीत होने पर अपर कलेक्टर (ADM) वीरसिंह चौहान से जांच कराई गई. जांच में पाया गया कि शिक्षिका ने सुबह 9:06 बजे के आसपास आज होने वाले अंग्रेजी के प्रश्नपत्र की फोटो वॉट्सएप स्टेटस पर लगाई थी.

इसके बाद, तुकईथड उच्चतर माध्यमिक विद्यालय स्थित केंद्र पर कलेक्टर और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सर्जन वर्मा ने शिक्षिका राजकुमारी सोनी से पूछताछ की.

शिक्षिका ने बताया कि उसने अनुपस्थित छात्र की टेबल से प्रश्नपत्र की फोटो खींचकर एक अन्य व्यक्ति को भेजी थी, ताकि प्रश्नपत्र हल कर नकल कराई जा सके.

सूचना मिलते ही शिक्षिका को तत्काल परीक्षा केंद्र से बाहर कर दिया गया और केंद्र अध्यक्ष को भी बदल दिया गया. अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा सुचारू रूप से संपन्न कराई गई.

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस केंद्र में उपस्थित 109 छात्र-छात्राओं को सुबह 8:40 बजे से पहले ही प्रवेश दे दिया गया था और प्रश्नपत्र निर्धारित समय पर वितरित किया गया. शिक्षिका द्वारा फोटो स्टेटस परीक्षा शुरू होने के बाद लगाया गया था. अतः यह स्पष्ट है कि प्रश्नपत्र किसी भी प्रकार से लीक नहीं हुआ है.

Advertisement

मामले के संबंध में शिक्षिका राजकुमारी सोनी और केंद्र अध्यक्ष को निलंबित कर दिया गया है. शिक्षिका को पुलिस थाने भेजा गया है, जहां उनसे आगे की पूछताछ की जा रही है.

इंदौर कमिश्नर सुदाम खाड़े ने बताया कि शिक्षिका राजकुमारी सोनी केन्द्र अध्यक्ष जितेंद्र कुमार कुलकर्णी ओर सहायक केंद्र अध्यक्ष अनिता दीक्षित को निलंबित कर दिया है. निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय डीईओ कार्यालय बुरहानपुर रहेगा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »