मध्यप्रदेश में भोपाल के कोहेफिजा थाना पुलिस ने नकली नोटों के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए पश्चिम बंगाल निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से 500-500 रुपये के कुल 280 नकली नोट, जिनकी कीमत 1 लाख 40 हजार रुपये है, बरामद किए गए हैं. आरोपी खुद को MBBS डॉक्टर बताता है और भोपाल में लंबे समय से रह रहा था.
पुलिस के अनुसार 25 साल के आरोपी सैफुल इस्लाम को मुखबिर की सूचना पर सेफिया कॉलेज ग्राउंड के पास से गिरफ्तार किया गया. सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध युवक कम दामों में 500 रुपये के नोट बेचने की बात कर रहा है. इसके बाद कोहेफिजा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया. तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से चार अलग-अलग सीरीज के नकली नोट,
एक आईफोन, एक एंड्रॉइड मोबाइल और अन्य सामान बरामद हुआ. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पश्चिम बंगाल से नकली नोट लाकर भोपाल सहित अन्य जगहों पर खपाता था. पुलिस का कहना है कि आरोपी का कोई स्थायी रोजगार नहीं था और वह खर्चीला लाइफस्टाइल जीने के लिए नकली नोटों का कारोबार कर रहा था.
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए APPLE iPhone में UK +44 सीरीज का इंटरनेशनल नंबर इस्तेमाल करता था और व्हाट्सएप कॉलिंग के जरिए संपर्क करता था. आरोपी का दावा है कि इससे कॉल ट्रैकिंग और रिकॉर्डिंग से बचा जा सकता है. पुलिस को आरोपी के मोबाइल से कुछ संदिग्ध ट्रांजेक्शन भी मिले हैं.
आशंका जताई जा रही है कि आरोपी किसी बड़े नकली नोट सप्लाई गिरोह या सिंडिकेट से जुड़ा हो सकता है. पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है कि आरोपी का किसी विशेष विचारधारा या संगठित नेटवर्क से संबंध तो नहीं है. पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर 7 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है. उससे पूछताछ जारी है और आने वाले दिनों में बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.
धर्मेंद्र साहू