धर्मांतरण के एक बड़े मामले में आगरा पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य आरोपी दाऊद अहमद के खिलाफ सख्त एक्शन लिया है. पुलिस ने भोपाल के गांधी नगर स्थित रिलायबल हाइटेक सिटी कॉलोनी में उसके घर पर कुर्की की बड़ी कार्रवाई की. यह कार्रवाई उस मामले से जुड़ी है जिसमें सगी बहनों के धर्मांतरण का खुलासा हुआ था और विदेश से फंडिंग का आरोप सामने आया था.
पुलिस के अनुसार दाऊद अहमद इस मामले का मास्टर माइंड बताया जा रहा है और वह फिलहाल फरार है. बताया जा रहा है कि उसका वर्तमान ठिकाना कनाडा बताया जा रहा है. इस पूरे मामले की मॉनिटरिंग आगरा पुलिस के पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार खुद कर रहे हैं.
कुर्की की यह कार्रवाई 228/25 के तहत की गई, जिसमें बीएनएस की कई धाराएं शामिल हैं. इसके साथ ही धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की धाराएं भी लगाई गई हैं. पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 85 के तहत यह कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर से सामान जब्त किया.
घर का सामान जब्त, पिता मौके पर मौजूद
भोपाल के गांधी नगर थाना क्षेत्र में स्थित आरोपी के घर पर जब कुर्की की कार्रवाई की गई, उस समय उसका पिता जावेद भी मौके पर मौजूद था. पुलिस टीम ने घर के अंदर मौजूद सामान को कुर्क किया और पूरी प्रक्रिया को कानूनी तरीके से पूरा किया गया.
गांधी नगर थाना प्रभारी बृजेंद्र मर्सकोले ने बताया कि आगरा से आई पुलिस टीम ने आरोपी दाऊद अहमद के घर पर कुर्की की कार्रवाई की है. इस दौरान स्थानीय पुलिस भी उनके साथ मौजूद रही. उन्होंने बताया कि घर के सामान को जब्त किया गया है और कार्रवाई पूरी तरह नियमों के अनुसार की गई है.
यह मामला उस समय सामने आया था जब सगी बहनों के धर्मांतरण का खुलासा हुआ. जांच के दौरान यह भी सामने आया कि इस पूरे नेटवर्क को विदेश से फंडिंग मिल रही थी. पुलिस ने दाऊद अहमद को इस पूरे मामले का मुख्य आरोपी मानते हुए उसकी तलाश तेज कर दी है.
भोपाल के घर पर आगरा पुलिस की कुर्की कार्रवाई
फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है. इस कार्रवाई के बाद साफ है कि पुलिस इस मामले में सख्ती से कार्रवाई कर रही है और आरोपी के खिलाफ कानूनी शिकंजा लगातार कसता जा रहा है.
धर्मेंद्र साहू