बरसात में घर से आने लगी है सीलन की बदबू? फौरन अपनाएं ये ट्रिक्स, महक उठेगा कोना-कोना

बारिश के मौसम में घर में सीलन, बदबू और फंगस की समस्या बढ़ जाती है. अगर आपके घर में भी नमी की वजह से दीवारें खराब हो रही हैं या कमरों से बदबू आ रही है, तो जानिए 7 आसान और असरदार टिप्स, जिनकी मदद से मानसून में भी आपका घर साफ, सूखा और फ्रेश बना रहेगा.

Advertisement
बारिश में घरों में नमी बढ़ जाती है, जिसकी वजह से सीलन की बदबू आने लगती है. (Photo: ITG) बारिश में घरों में नमी बढ़ जाती है, जिसकी वजह से सीलन की बदबू आने लगती है. (Photo: ITG)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 08 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 9:50 AM IST

बारिश का मौसम जितना सुहाना लगता है, उतनी ही घरों के लिए परेशानियां भी साथ लेकर आता है. बारिश के कारण लगातार नमी बनी रहती है, जिसकी वजह से दीवारों में सीलन आने लगती है. इसके साथ ही कोनों में फंगस जम जाती है और कमरों के साथ ही अलमारी से भी अजीब-सी बदबू आने लगती है. कई बार तो कपड़े, फर्नीचर और घर में रखे सभी जरूरी सामान भी नमी की चपेट में आकर खराब होने लगते हैं.

कितनी भी सफाई कर ली जाए उसके बाद भी ये बदबू नहीं जाती है. अगर इन छोटी-छोटी बातों पर समय रहते ध्यान न दिया जाए, तो बाद में इन्हें ठीक कराने में काफी खर्च भी हो सकता है. अगर आपके घर में भी सीलन की बदबू के कारण रहना मुश्किल हो रहा है, तो परेशान ना हों. आज हम आपको मॉनसून के दौरान किए जाने वाले कुछ आसान उपाय बताने वाले हैं, जिन्हें अपनाकर आप अपने घर को सीलन, बदबू और फंगस से बचा सकते हैं. आइए जानते हैं ऐसे ही आसान टिप्स, जिनकी मदद से बारिश के मौसम में भी आपका घर साफ, सूखा और हमेशा फ्रेश बना रहेगा.

Advertisement

1. घर में हवा का आना-जाना बिल्कुल बंद न करें: बारिश होने पर लोग अक्सर पूरे दिन खिड़कियां और दरवाजे बंद रखते हैं. इससे घर के अंदर नमी बढ़ जाती है. जब बारिश रुक जाती है या मौसम साफ हो जाए, तो कुछ देर के लिए खिड़कियां खोल दें. इससे ताजी हवा अंदर आती और नमी बाहर निकल सके. अगर घर में एग्जॉस्ट फैन है तो उसे भी कुछ देर जरूर चलाएं.

2. दीवारों पर सीलन दिखते ही करें कार्रवाई: अगर दीवार पर हल्के-हल्के गीले निशान, पपड़ी या पेंट उखड़ता दिखे तो इसे नजरअंदाज न करें. ये पानी रिसने या ज्यादा नमी का संकेत हो सकता है. ऐसी जगह को जल्दी सुखाएं और जरूरत पड़ने पर लीकेज की जांच कराएं, ताकि समस्या बढ़ने से पहले ही रुक जाए.

3. फर्नीचर को दीवार से थोड़ा दूर रखें: लकड़ी का फर्नीचर अगर सीलन वाली दीवार से सटा रहेगा तो उसमें भी नमी आ सकती है. इसलिए अलमारी, बेड या सोफा को दीवार से कुछ इंच दूर रखें. इससे हवा चलती रहेगी और फंगस बनने की संभावना कम होगी.

Advertisement

4. घर की बदबू दूर करने के लिए अपनाएं आसान उपाय: अगर कमरे या अलमारी से सीलन की बदबू आने लगी है तो उनमें कपूर, बेकिंग सोडा या चारकोल का छोटा कटोरा रख सकते हैं. ये नमी और बदबू को काफी हद तक कम करने में मदद करते हैं. साथ ही अलमारी को समय-समय पर खोलकर हवा लगने दें.

5. गीले कपड़े और कारपेट घर में न छोड़ें: बरसात में गीले कपड़े कमरे के अंदर सुखाने से नमी और बढ़ जाती है. कोशिश करें कि कपड़े अच्छी हवा वाली जगह पर सुखाएं. अगर कारपेट या मैट गीले हो जाएं तो उन्हें भी अच्छी तरह सुखाने के बाद ही दोबारा इस्तेमाल करें.

6. किचन और बाथरूम को रखें सूखा: घर में सबसे ज्यादा नमी रसोई और बाथरूम में जमा होती है. नहाने या खाना बनाने के बाद एग्जॉस्ट फैन चलाएं और फर्श पर जमा पानी तुरंत साफ कर दें. इससे फंगस और बदबू दोनों से बचाव होगा.

7. छत और नालियों की सफाई भी है जरूरी: अगर छत या बालकनी की नालियों में पत्ते और कचरा जमा रहेगा तो बारिश का पानी रुक सकता है. इससे पानी रिसने और सीलन की समस्या बढ़ सकती है. इसलिए मानसून के दौरान समय-समय पर इनकी सफाई करते रहें.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »