सांपों को घर और गार्डन की ओर आकर्षित करती हैं ये चीजें! तभी तो चुंबक की तरह खिंचे चले आते हैं

घर में रहने वाले लोग और गार्डनिंग का शौक रखने वाले लोग अक्सर कुछ ऐसी गलतियां कर बैठते हैं, जो अनजाने में जहरीले सांपों को उनके घर की तरफ खींच लाती हैं. वो कौन सी गलतियां हैं, उनके बारे में जानेंगे.

Advertisement
सांपों को घर की कुछ चीजें आकर्षित करती हैं. (Photo: AI Generated) सांपों को घर की कुछ चीजें आकर्षित करती हैं. (Photo: AI Generated)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 25 मई 2026,
  • अपडेटेड 7:36 PM IST

Snake prevention tips: अक्सर लोगों को घर में पुरानी चीजों को रखने का शौक होता है क्योंकि उन्हें लगता है बेकार हो गई चीजें भविष्य में किसी न किसी काम आ सकती हैं. इसके अलावा कई लोग ऐसे भी होते हैं जिन्हें गार्डनिंग का शौक होता है और इसके लिए वे लोग घर या गार्डन में पेड़-पौधे भी लगाते हैं. यदि आप भी इन लोगों में से एक हैं तो यह बेहद अच्छी बात है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपकी इस आदत से जुड़ी कुछ चीजें और घर के आसपास फैली गंदगी अनजाने में सांपों को बुलावा दे सकती हैं? एक्सपर्ट्स के मुताबिक, सांप कभी भी इंसानी बस्तियों में सीधे रहने नहीं आते, बल्कि वे सुरक्षित ठिकाने और भोजन की तलाश में आपके घरों का रुख करते हैं. यदि आप उन्हें कुछ गलतियों से वैसा माहौल देते हैं तो वे आपके घर की ओर आकर्षित होते हैं. तो आइए आज हम आपको उन गलतियों के बारे में बताते हैं.

Advertisement

घर में कचरा और कबाड़ जमा होना

स्नेक एक्सपर्ट्स के मुताबिक, सांपों को छिपने के लिए अंधेरी, ठंडी और शांत जगहें ही पसंद होती हैं. यदि आपके घर के किसी कोने में या गार्डन के आसपास पुराना कबाड़, टूटे हुए प्लास्टिक के डिब्बे या लकड़ियों का ढेर लगा है तो सांप वहां अपना ठिकाना बना सकते हैं. गर्मी और बारिश के मौसम में ऐसी चीजों को जमा करके रखना सांपों को दावत देने जैसा है.

गमलों के नीचे जमा पानी

कंटेनर गार्डनिंग के दौरान लोग अक्सर गमलों के नीचे छोटी प्लेट या ट्रे रखते हैं ताकि पानी फर्श पर न फैले. लेकिन इस ठहरे हुए पानी और लगातार बनी रहने वाली नमी की वजह से मेंढक, कीड़े-मकोड़े और चूहे वहां आने लगते हैं. ये सभी जीव सांपों का पसंदीदा भोजन हैं. जब चूहों और मेंढकों की तादाद बढ़ती है, तो उनका शिकार करने के लिए जहरीले सांप भी बहुत आसानी से आपके घर की ओर खिंचे चले आते हैं.

Advertisement

लंबी और घनी घास

गार्डन या लॉन की समय पर कटाई न करना भारी पड़ सकता है. यदि आपके गमलों के आसपास जंगली घास या घनी झाड़ियां उग आई हैं तो यह सांपों के लिए एक बेहतरीन कवर का काम करती हैं. इस घनी घास में छिपकर सांप के लिए ठंडा और नमी वाला माहौल बना देते हैं और वे अपना घर बना लेते हैं.

खुले हुए डस्टबिन और उसमें पड़ा खाना

घर के बाहर या बालकनी में खुले रखे डस्टबिन भी सांपों को आकर्षित करते हैं. कूड़ेदान में मौजूद खाने की महक से पहले चूहे और छिपकलियां वहां पहुंचते हैं. आप तो जानते ही हैं कि ये सांप के पसंदीदा भोजन होते हैं और सांप इन चीवों की गंध को हवा में बहुत तेजी से भांप लेते हैं इसलिए वे भोजन की तलाश में सीधे आपके घर तक आ जाते हैं. सुरक्षित रहने के लिए अपने आसपास सफाई रखें और इन चीजों को घर के आसपास जमा न करें.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement