Rice Water For Plants: आजकल ज्यादा लोगों के घरों में पौधे लगे होते हैं. लोग उन्हें समय पर पानी भी देते हैं, धूप भी दिखाते हैं, लेकिन इसके बाद भी उनकी एक शिकायत रहती है. ज्यादातर लोग यही कहते सुनाई देते हैं कि पौधों की ग्रोथ धीमी हो रही है, पत्तियां ठीक से नहीं बढ़ रही हैं और पीली भी पड़ रही हैं. अपने पौधों का ये हाल देखकर लोगहर बार महंगी खाद खरीद लाते हैं. अगर आप भी ऐसा ही करते हैं, तो आपको बता दें कि ऐसा करने की जरूरत नहीं है. आपके किचन में ही एक ऐसी चीज मौजूद है, जिसे अक्सर बेकार समझकर फेंक दिया जाता है. वो है चावल धोने के बाद बचने वाला पानी. जी हां, जिस पानी को आप रोज सिंक में बहा देते हैं, उसका इस्तेमाल गार्डन के कुछ पौधों की देखभाल के लिए किया जा सकता है.
चावल के पानी में स्टार्च के साथ फॉस्फोरस, पोटैशियम और कुछ अन्य पोषक तत्व भी थोड़ी मात्रा में मौजूद होते हैं. ये मिट्टी में मौजूद माइक्रोब्स को पोषण देने और पौधों की सेहत को बेहतर बनाने में मदद कर सकते हैं. आइए जानते हैं कि किन 7 पौधों में चावल का पानी डालकर उनकी ग्रोथ को दोगुना किया जा सकता है.
1. पालक का पौधा: अगर आपने घर की बालकनी या गमले में पालक लगा रखा है, तो चावल धोने के बाद बचा सादा पानी कभी-कभार इस्तेमाल कर सकते हैं. इससे मिट्टी में कुछ पोषक तत्व पहुंच सकते हैं, जो पौधे की ग्रोथ में मदद करते हैं. हालांकि, पालक की अच्छी ग्रोथ के लिए पर्याप्त धूप, सही मिट्टी और जरूरत के हिसाब से पानी देना भी जरूरी है.
2. टमाटर का पौधा: टमाटर के पौधे में अच्छी ग्रोथ के साथ फूल और फल आने के लिए भी सही देखभाल जरूरी है. ऐसे में चावल का पानी मिट्टी में पोषक तत्वों की थोड़ी मात्रा जोड़ सकता है. लेकिन सिर्फ इस पानी से टमाटर के फल बड़े होंगे या पैदावार बढ़ जाएगी, इसकी गारंटी नहीं है. पौधे को पर्याप्त धूप और खाद देना भी जरूरी है.
3. मिर्च का पौधा: गमले में मिर्च का पौधा लगाया है, तो उसकी देखभाल के लिए चावल का पानी एक बढ़िया ऑप्शन हो सकता है. इसमें मौजूद कुछ पोषक तत्व मिट्टी की सेहत को बेहतर बनाने में मदद कर सकते हैं. ध्यान रखें कि पौधे की जड़ों में पानी जमा न हो, क्योंकि जरूरत से ज्यादा नमी से जड़ें खराब हो सकती हैं.
4. बैंगन का पौधा: बैंगन के पौधे को बढ़ने और फल देने के लिए सही पोषण की जरूरत होती है. चावल धोने के बाद बचा सादा पानी कभी-कभार मिट्टी में डाल सकते हैं. इससे मिट्टी में कुछ पोषक तत्व और स्टार्च पहुंचता है. हालांकि, अच्छी पैदावार के लिए पौधे को पर्याप्त धूप, सही मात्रा में पानी और खाद देना भी जरूरी है.
5. धनिए का पौधा: घर में धनिया उगाते हैं, तो चावल का पानी कभी-कभार इसके लिए भी इस्तेमाल कर सकते हैं. धनिया की पत्तियों को हरा-भरा रखने के लिए सही मात्रा में धूप और नमी जरूरी है. चावल का पानी मिट्टी में कुछ पोषक तत्व जोड़ सकता है, लेकिन इसे रोज डालने से बचें. गमले की मिट्टी पहले से गीली है, तो पानी डालने की जरूरत नहीं है.
6. लेट्यूस का पौधा: लेट्यूस यानी सलाद में इस्तेमाल होने वाली पत्तेदार सब्जी को घर पर गमले में भी उगाया जा सकता है. इसकी अच्छी ग्रोथ के लिए मिट्टी में नमी और पोषण का बैलेंस बनाए रखना जरूरी है. चावल का पानी कभी-कभार मिट्टी में डाल सकते हैं, लेकिन इसके इस्तेमाल से पत्तियां तेजी से या ज्यादा घनी बढ़ेंगी, ऐसा जरूरी नहीं है.
7. नींबू और संतरे का पौधा: अगर घर की छत या बालकनी में नींबू या संतरे का पौधा लगा है, तो चावल का पानी सीमित मात्रा में इस्तेमाल किया जा सकता है. इससे मिट्टी में कुछ पोषक तत्व पहुंच सकते हैं. हालांकि, इन पौधों में फूल और फल आने के लिए पर्याप्त धूप और पोषण भी जरूरी है. चावल का पानी डालने भर से फलों का आकार बढ़ने की गारंटी नहीं है.
चावल का पानी इस्तेमाल करने का सही तरीका क्या है?
चावल का पानी इस्तेमाल करना काफी आसान है. चावल धोते समय जो सादा पानी निकलता है, उसे एक साफ बर्तन में इकट्ठा कर लें. इसमें नमक, तेल, मसाले या डिटर्जेंट जैसी कोई चीज नहीं होनी चाहिए. इस पानी को ताजा ही इस्तेमाल करना बेहतर है.
अगर आप फर्मेंट किया हुआ यानी कुछ दिनों तक रखा चावल का पानी इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो इसे साफ बर्तन में तैयार करें और इस्तेमाल से पहले बराबर मात्रा में साफ पानी मिलाकर पतला कर लें. इसकी शुरुआत महीने में एक बार से करें और पौधे का रिएक्शन देखें. अगर मिट्टी से बदबू आने लगे, फफूंदी दिखे या छोटे कीड़े बढ़ने लगें, तो इसका इस्तेमाल बंद कर दें.
ध्यान रखें: चावल का पानी पौधों के लिए एक एक्स्ट्रा घरेलू उपाय है, पूरी खाद नहीं. पौधों को हेल्दी रखने के लिए सही मिट्टी, पर्याप्त रोशनी, जरूरत के हिसाब से पानी और खाद का इस्तेमाल करना भी जरूरी है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क