होटलों की शान है 200 साल पुरानी मेवाड़ राजघराने की ये अंगूर-मखाना की सब्जी, जानें घर पर बनाने का सीक्रेट तरीका
राजस्थान के मेवाड़ राजघराने की 200 साल पुरानी 'अंगूर-मखाना' की सब्जी अब आप घर पर बना सकते हैं. महाराणा भीम सिंह के दौर की यह शाही डिश दही और काजू की क्रीमी ग्रेवी से तैयार होती है, गर्मियों के लिए परफेक्ट यह डिश बहुत लाजवाब होती है और इसे बनाने में ज्यादा मेहनत भी नहीं लगती है.
Rajasthani Royal Angoor Makhana Ki Sabji: राजस्थान अपनी वीरता के लिए तो दुनियाभर में जाना जाता है, लेकिन इसके साथ ही यहां का शाही खानपान भी लोगों के दिलों में बसता है. राजस्थान का मेवाड़ राजघराना में बनने वाली 200 साल पुरानी एक सब्जी, गर्मियों के लिए बहुत फायदेमंद है और अहर आप मेवाड़ी खाना अच्छा लगता हो तो इसे चखने के बाद यह आपकी फेवरेड डिश बन जाएगी. राजाओं के समय से बनने वाली राजस्थानी रॉयल अंगूर-मखाने की सब्जी काफी मजेदार लगती है और इसे आप घर पर आसानी से बना भी सकते हैं.
Advertisement
महाराणा भीम सिंह के शासनकाल में पहली बार इस सब्जी को बनाया गया था, और आज से राजस्थान के हर फाइव स्टार होटल के मेन्यू में खास जगह रखती है.मेवाड़ राजघराने की यह डिश हर शादी और बड़े जश्न में खासतौर पर परोसी जाती है और मेवाड़ की इस मशहूर पाक परंपरा ने अब टूरिस्ट्स को भी अपना दीवाना बना दिया है, जिसकी वजह से होटलों में यह डिश खूब परोसी जाती है.
कैसे बनाते हैं मेवाड़ राजघराने की ये शाही सब्जी
गर्मियों में अंगूर की यह सब्जी खाने का मजा ही अलग होता है, इस सीजन में अंगूर बाजारों में खूब मिलते भी हैं. अपने नाम की तरह ही इसकी रेसिपी भी बिल्कुल रॉयल है, हालांकि इसे एक बार खाने के बाद आप बार-बार इसे सब्जी को बनाकर खाएंगे.
सबसे पहले कड़ाही में थोड़ा घी या तेल गर्म करें और मखानों को हल्का सा भून लें. राजघराने के बावर्ची शुद्ध देसी घी का इस्तेमाल करते थे. जब मखाने कुरकुरे हो जाएं, तो उन्हें अलग निकालकर अलग रख लीजिए.
अब उसी कड़ाही में थोड़ा और तेल डालें और अदरक-लहसुन पेस्ट भूनें, इसके बाद टमाटर की प्यूरी डालकर अच्छे से पकाएं.
उसके बाद इसमें हल्दी, लाल मिर्च और धनिया पाउडर डालकर मिलाएं. इसके बाद दही को अच्छी तरह फेंटकर इसमें डालें और स्लो गैस पर लगातार चलाते हुए पकाएं ताकि दही फटे नहीं.
अब काजू का पेस्ट डालें और ग्रेवी को थोड़ा गाढ़ा होने दें, फिर इसमें अंगूर डालें और 2 से 3 मिनट तक पकाएं. आखिर में भुने हुए मखाने डालकर अच्छी तरह मिलाएं.
आखिर में आप सब्जी के ऊपर से गरम मसाला डालें और गैस बंद कर दें. इस सब्जी को आप नान और जीरा राइस के साथ परोसे. राजस्थानी अंगूर मखाना की सब्जी का मीठा और क्रीमी फ्लेवर इसे सबसे अलग और टेस्टी बनाता है.
इन बातों का रखें ध्यान
Advertisement
मखानों को ज्यादा देर तक ग्रेवी में न रखें, नहीं तो वे ज्यादा सॉफ्ट हो जाएंगे.
अंगूर ज्यादा खट्टे न हों, वरना सब्जी का स्वाद खराब सकता है.
दही डालते समय गैस को स्लो ही रखें, ताकि ग्रेवी फटे नहीं.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क