How to Workout in Heatwave: उत्तर भारत में गर्मी का कहर लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है. तपती धूप और हीटवेव की वजह से हालत बहुत खराब है. अपनी फिटनेस का ख्याल रखने वाले लोगों की हीटवेव (लू) का प्रकोप बड़ा चैलेंज बन गया है. 50 डिग्री के पास तापमान पहुंच गया है, जिसमें घर की छत पर जाने पर भी सिरदर्द और चक्कर आने लग हे हैं. ऐसे मौसम में वर्कआउट करना क्या सही है, यह सवाल कई लोगों के मन में आता है.
गर्मियों में थोड़ी सी भी लापरवाही डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक (लू लगना) या चक्कर आने का कारण बन सकती है. हालांकि, अगर आप इस भीषण गर्मी में भी खुद को फिट रखने के लिए जिम जा रहे हैं या रनिंग कर रहे हैं, तो आपको कुछ बेहद जरूरी सावधानियां बरतनी चाहिए. ताकि फिटनेस के चक्कर में आप खुद को बीमार न कर लें.
वर्कआउट का समय बदलें
हीटवेव के दौरान दोपहर या कड़क धूप में वर्कआउट करने की गलती बिल्कुल न करें. अगर आपको वर्कआउट करना है तो सुबह सूरज उगने से पहले यानी 5 से 7 बजे के बीच या फिर शाम को सूरज ढलने के बाद ही रनिंग पर निकलें. हालांकि जिम के अंदर का तापमान कंट्रोल होता है, फिर भी जिम आने-जाने के दौरान धूप में बाहर निकलने से बचने के लिए सुबह या देर शाम का समय ही चुनें.
हाइड्रेशन को बनाएं अपना हथियार
गर्मियों में पसीने के जरिए शरीर से भारी मात्रा में पानी और जरूरी मिनरल्स बाहर निकल जाते हैं. ऐसे में सिर्फ पानी काफी नहीं होता है, इसलिए वर्कआउट से आधा घंटा पहले, वर्कआउट के दौरान हर 15 से 20 मिनट में कुछ घूंट पानी पीते रहें.
इतना ही नहीं वर्कआउट के बाद भी नियमित पानी जरूर पिएं. सादे पानी के अलावा नारियल पानी, नींबू-पानी या ओआरएस (ORS) का घोल लें ताकि सोडियम और पोटैशियम का बैलेंस बना रहे.
गर्मियों में हल्के कपड़े ही पहनें
इस मौसम में आपके वर्कआउट गियर्स का सही होना बहुत जरूरी है. जिम और रनिंग दोनों के लिए टाइट और सिंथेटिक कपड़ों की जगह ढीले, हल्के रंग के और ड्राई-फिट या कॉटन के कपड़े पहनें.
लाइट कलर धूप को रिफ्लेक्ट करते हैं और ड्राई-फिट फैब्रिक पसीने को जल्दी सुखाता है, जिससे शरीर का तापमान कंट्रोल में रहता है.
वॉर्म-अप और कूल-डाउन पर दें खास ध्यान
गर्मियों में शरीर का तापमान पहले से ही बढ़ा होता है, इसलिए वर्कआउट की शुरुआत और आखिर बहुत आराम से होना चाहिए. वर्कआउट शुरू करने से पहले लाइट स्ट्रेचिंग करें.
इसके अलावा रनिंग या हैवी लिफ्टिंग खत्म करने के तुरंत बाद बैठने या लेटने की बजाय 5 से 10 मिनट वॉक करें और बॉडी टेम्परेचर को धीरे-धीरे नॉर्मल होने दें. इसके तुरंत बाद एसी के सामने न बैठें.
जिम में वेंटिलेशन और एसी का ध्यान रखें
अगर आप इनडोर वर्कआउट यानी जिम करते हैं तो इस बात का खासकर ध्यान रखें कि वहां क्रॉस-वेंटिलेशन अच्छा हो. जब आप वर्कआउट करके पूरी तरह पसीने से तर-बतर हों, तो सीधे एसी की तेज हवा के सामने खड़े होने से बचें. क्योंकि इससे थर्मल शॉक लग सकता है, जिससे सर्दी-खांसी या मसल्स में जकड़न हो सकती है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क