Atta Uses In Home: सिर्फ रोटी-पराठा बनाने के लिए ही नहीं, घर के 10 काम चुटकियों में निपटाएगा गेहूं का आटा! नहीं जानते होंगे ये तरीके

Atta Uses In Home: किचन में रखा गेहूं का आटा सिर्फ रोटी बनाने के ही नहीं, बल्कि घर के कई मुश्किल काम आसान करने में भी काम आ सकता है. सिंक चमकाने, प्ले डो बनाने, तांबे के बर्तन चमकाने से लेकर ड्राई शैम्पू तक, आटे को आप 10 ऐसे तरीकों से इस्तेमाल कर सकते हैं कि आप खुद हैरान हो जाएंगे.

Advertisement
आटे की मदद से आप तांबे और स्टील के बर्तनों को भी साफ कर सकते हैं. (Photo: ITG) आटे की मदद से आप तांबे और स्टील के बर्तनों को भी साफ कर सकते हैं. (Photo: ITG)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 05 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 6:40 AM IST

Atta Uses In Home: घर में गेहूं का आटा न हो, ऐसा शायद ही कोई किचन होगा. आटा एक ऐसी चीज है, जो हर घर में मौजूद होता. आमतौर पर आटे का नाम सुनते ही लोगों के दिमाग में रोटी, पराठा या पूड़ी आती है. दरअसल, आटे का इस्तेमाल करके घरों में रोटी से लेकर पराठे और पूड़ी तक पकाई जाती हैं. इसलिए सभी को लगता है आटा सिर्फ यही सब चीजें बनाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि रसोई में रखा यही साधारण सा आटा खाना बनाने के अलावा घर के कई दूसरे काम भी आसान कर सकता है? जी हां, आटे की मदद से आप बहुत से कामों को चुटकियों में हल कर सकते हैं. 

Advertisement

अगर आपके घर में आटा काफी पुराना हो गया है और आप उसे फेंकने की सोच रहे हैं, तो एक बार रुक जाइए. इसे इस्तेमाल करने के कई ऐसे तरीके हैं, जिनके बारे में शायद आपने पहले नहीं सुना होगा. चलिए जानते हैं आटा इस्तेमाल करने के उन 10 तरीकों के बारे में, जो रोटी, पूड़ी या पराठा बनाने से बिल्कुल अलग हैं.

1. स्टील के बर्तन और सिंक चमकाएं: रसोई में लगी स्टील की सिंक या बर्तन लगातार इस्तेमाल होते हैं. दिन में कई-कई बार इस्तेमाल होने की वजह से ये चीजें अपनी चमक खो देते हैं. अगर आपके घर की सिंक और बर्तन भी दागदाग हो गए हैं, तो आटा आपके काम आ सकता है. इसके लिए पहले बर्तन या सिंक को साबुन और पानी से अच्छी तरह साफ कर लें और पूरी तरह सुखा लें. अब सूखे कपड़े पर थोड़ा सा आटा लें और हल्के हाथों से रगड़ें. इसके बाद साफ कपड़े से पोंछ दें.

Advertisement

2. बच्चों के लिए घर पर बनाएं प्ले डो: बच्चों का प्ले डो खत्म हो गया है तो हर बार बाजार से नया खरीदने की जरूरत नहीं है. घर में रखे आटे से भी मुलायम प्ले डो तैयार किया जा सकता है. इसके लिए आटा, नमक, पानी और फूड कलर को मिलाकर गूंध लें. इससे बच्चों के खेलने के लिए आसानी से प्ले डो तैयार हो जाएगा.

3. आटे से बनाएं घर का ग्लू: स्कूल प्रोजेक्ट, पेपर क्राफ्ट या पेपर माशे के लिए ग्लू की जरूरत पड़ती है. इसके लिए बाजार से गोंद खरीदने की बजाय घर में मौजूद आटे का इस्तेमाल कर सकते हैं. आटा, चीनी और पानी को मिलाकर हल्का पकाएं. मिश्रण ठंडा होने के बाद इसे गोंद की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है.

4. ताश के पत्तों की चिकनाई हटाएं: अगर ताश के पत्ते इस्तेमाल करते-करते चिपचिपे या ऑयली हो गए हैं, तो आटा इसमें भी मदद कर सकता है. ताश के पत्तों को एक बैग में रखें और उसमें थोड़ा सा आटा डाल दें. अब बैग को अच्छी तरह हिलाएं. इसके बाद पत्तों को निकालकर साफ कपड़े से पोंछ दें. इससे पत्तों की चिकनाहट कम करने में मदद मिल सकती है.

5. पौधों को कीड़ों से बचाने में आएगा काम: अगर आपके पौधों की पत्तियों पर छोटे कीड़े लग गए हैं, तो उसकी सूखी पत्तियों पर हल्का सा आटा छिड़क सकते हैं. अगले दिन पौधे की पत्तियों को पानी से धो दें. जरूरत लगे तो इस प्रोसेस को दोबारा रिपीट कर सकते हैं.

Advertisement

6. कपड़ों को दें हल्की स्टार्च जैसी फिनिश: कपड़ों को थोड़ा कड़क और शेप बिगड़ने से बचाना चाहते हैं तो आटे से घर पर स्टार्च जैसा घोल तैयार कर सकते हैं. इसके लिए एक बड़ा चम्मच आटा आधा कप ठंडे पानी में अच्छी तरह घोलें. अब इसे आधा कप उबलते पानी में डालकर थोड़ा गाढ़ा होने दें. मिश्रण ठंडा होने के बाद इसे स्प्रे बोतल में भरें और कपड़ों पर इस्तेमाल करें.

7. चींटियों को दूर रखने में भी मददगार: घर में जिस जगह से चींटियां बार-बार आती हैं, वहां थोड़ा सा आटा छिड़क सकते हैं. माना जाता है कि इससे चींटियों को अपनी पसंद की गंध तक पहुंचने में परेशानी हो सकती है और वे उस रास्ते से कम आ सकती हैं. साफ शब्दों में कहें तो आटा चीटियों के रास्ते में रुकावट बन सकता है.

8. ऑयली बालों में ड्राई शैंपू की तरह करें इस्तेमाल: कभी-कभी बाल जल्दी ऑयली हो जाते हैं और घर में ड्राई शैंपू नहीं होता. ऐसे में थोड़ी मात्रा में आटे का इस्तेमाल किया जा सकता है. ब्रश की मदद से थोड़ा सा आटा बालों की जड़ों में लगाएं और कुछ मिनट बाद अच्छी तरह झाड़ दें. अगर आपके बाल काले हैं तो आटे में थोड़ा कोको पाउडर मिलाया जा सकता है, ताकि सफेद पाउडर बालों में ज्यादा नजर न आए.

Advertisement

9. तांबे के बर्तनों की चमक लौटाएं: तांबे के पुराने बर्तन काले या फीके पड़ गए हैं तो आटे से उनकी चमक वापस लाने की कोशिश कर सकते हैं. इसके लिए बराबर मात्रा में आटा और नमक लें. इसमें थोड़ा सा सिरका मिलाकर पेस्ट बना लें. अब इस पेस्ट को तांबे के बर्तन पर हल्के हाथों से रगड़ें. इसके बाद गुनगुने पानी से धोकर बर्तन को अच्छी तरह सुखा लें.

10. आटे से बनाएं फेस मास्क: आटे का इस्तेमाल एक आसान होममेड फेस मास्क बनाने में भी किया जा सकता है. इसके लिए कुछ अंगूरों को अच्छी तरह मैश करके उसमें करीब चार बड़े चम्मच आटा मिलाएं. तैयार पेस्ट को चेहरे पर 10 से 15 मिनट के लिए लगाएं और फिर सादे पानी से धो लें. हालांकि, चेहरे पर कोई भी घरेलू नुस्खा लगाने से पहले पैच टेस्ट जरूर कर लें.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »