How to use Watermelon Seeds: तरबूज एक ऐसा मौसमी फल है जो स्वाद के साथ-साथ सेहत से भी भरपूर होता है. हम बड़े चाव से इसका लाल और मीठा हिस्सा तो खा लेते हैं लेकिन इसके काले-भूरे बीजों को बेकार समझकर डस्टबिन में डाल देते हैं. हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो तरबूज के बीज असल में एक सुपरफूड हैं. इनमें भरपूर मात्रा में प्रोटीन, आयरन, मैग्नीशियम, जिंक और हेल्दी फैट्स पाए जाते हैं जो हमारी हार्ट हेल्थ, इम्यूनिटी और त्वचा के लिए बेहद फायदेमंद हैं.
इतना नहीं तरबूज के बीज त्वचा के लिए भी बेहद फायदेमंद होते हैं. इनमें मौजूद विटामिन, मिनरल्स और हेल्दी फैट्स त्वचा को प्राकृतिक चमक और पोषण प्रदान करते हैं और एजिंग को तेजी से बढ़ने से रोकते हैं. बाजार में यही बीज वॉटरमेलन सीड्स के नाम से बेहद महंगे दामों पर मिलते हैं तो फिर घर के मुफ्त बीजों को क्यों बर्बाद करना. आइए जानते हैं कि कैसे आप तरबूज के बीजों को साफ करके, सुखाकर अपनी रोजमर्रा की डाइट और कुकिंग का हिस्सा बना सकते हैं.
तरबूज के बीजों का इस्तेमाल कैसे करें
इसके लिए सबसे पहले बीजों को अलग कर अच्छी तरह धोकर धूप में सुखा लें. इसके बाद एक पैन में हल्का सा घी या तेल डालकर इन्हें कुरकुरा होने तक भूनें. ऊपर से काला नमक, चाट मसाला और काली मिर्च छिड़कें. आपकी चाय के साथ खाने वाली हेल्दी नमकीन तैयार है.
काजू और खसखस की तरह तरबूज के मगज बीज के अंदर का हिस्सा का इस्तेमाल शाही सब्जियों की ग्रेवी गाढ़ी करने के लिए किया जाता है. बीजों को छीलकर उनके अंदर के सफेद हिस्से को पीसकर पेस्ट बना लें और पनीर या मलाई कोफ्ता की ग्रेवी में इस्तेमाल करें.
भुने हुए तरबूज के बीजों को मिक्सी में पीसकर पाउडर बना लें. इस प्रोटीन रिच पाउडर को आप सुबह के दूध, प्रोटीन शेक या फ्रूट स्मूदी में एक चम्मच मिलाकर पी सकते हैं.
अगर आप सूप या सलाद खाते हैं, तो रोस्ट किए हुए तरबूज के बीजों को ऊपर से स्प्रिंकल कर सकते हैं. इससे आपके खाने को एक बेहतरीन क्रंच और ढेर सारा न्यूट्रिशन मिलेगा.
घर पर ड्राई फ्रूट्स के लड्डू या एनर्जी बार बनाते समय आप इन बीजों को भी शामिल कर सकते हैं. ये कद्दू और सूरजमुखी के बीजों की तरह ही सेहत को बूस्ट करते हैं.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क