How To Use Besan For Glowing Skin: बेसन का नाम आते ही सबसे पहले पकौड़े, चीला या मिठाइयों का ख्याल आता है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि यही साधारण-सा बेसन आपकी स्किन के लिए भी किसी महंगे स्किनकेयर प्रोडक्ट से कम नहीं माना जाता? दादी-नानी के समय से बेसन का इस्तेमाल चेहरे की सफाई, निखार और कई स्किन समस्याओं से राहत पाने के लिए किया जाता रहा है.
लेकिन अगर आप इसे स्किन की हर परेशानी का हल मानकर ऐसे ही मुंह पर लगा लेते हैं, तो ये वैसे असर नहीं दिखाता है जैसे इसे दिखाना चाहिए. अगर दाग-धब्बे, झुर्रियां, टैनिंग, पिंपल्स या ब्लैकहेड्स जैसी अलग-अलग समस्याओं के हिसाब से बेसन में सही चीज मिलाकर फेसपैक बनाया जाए, तो उसका असर बेहतर हो सकता है. आज हम आपको बताएंगे कि किस स्किन प्रॉब्लम में बेसन के साथ क्या मिलाना चाहिए और फेसपैक को कितनी देर तक चेहरे पर लगाकर रखना सही माना जाता है.
1. दाग-धब्बे और पिग्मेंटेशन के लिए बेसन में मिलाकर लगाएं दही: अगर चेहरे पर दाग, हल्की झाइयां या पिग्मेंटेशन की समस्या है, तो बेसन में दही मिलाकर पेस्ट तैयार किया जा सकता है. दही में मौजूद लैक्टिक एसिड स्किन को धीरे-धीरे एक्सफोलिएट करने में मदद करता है, जिससे स्किन साफ और मुलायम महसूस हो सकती है.
2. झुर्रियों से परेशान हैं तो बेसन में मिलाएं हल्दी: अगर चेहरे पर उम्र से पहले फाइन लाइंस या हल्की झुर्रियां नजर आने लगी हैं, तो बेसन में एक चुटकी हल्दी मिलाकर फेसपैक तैयार करके लगाने से मदद मिलती है. हल्दी में एंटीऑक्सीडेंट गुण पाए जाते हैं, जो स्किन को नुकसान पहुंचाने वाले फ्री रेडिकल्स से बचाने में मदद कर सकते हैं.
3. टैनिंग हटाने के लिए बेसन और नींबू का रस: अगर धूप की वजह से गर्मियों में आपकी स्किन पर टैनिंग हो गई है, तो बेसन में थोड़ा-सा नींबू का रस मिलाकर फेसपैक बनाया जा सकता है. नींबू में मौजूद विटामिन-सी स्किन की रंगत निखारने में मददगार माना जाता है. हालांकि अगर आपकी स्किन बहुत सेंसिटिव है, तो नींबू लगाने से पहले पैच टेस्ट जरूर कर लें.
4. ब्लैकहेड्स और वाइटहेड्स के लिए बेसन में मिलाएं कच्चा दूध: अगर नाक और ठुड्डी के आसपास ब्लैकहेड्स या वाइटहेड्स हो जाते हैं, तो बेसन में कच्चा दूध मिलाकर पेस्ट बना लें. ये स्किन की सफाई करने और डेड स्किन हटाने में मदद कर सकता है, जिससे स्किन ज्यादा फ्रेश दिख सकती है.
5. मुंहासे और पिंपल्स के लिए बेसन, शहद और नींबू: अगर चेहरे पर बार-बार पिंपल्स निकलते हैं, तो बेसन में थोड़ा शहद और कुछ बूंद नींबू का रस मिलाकर फेसपैक तैयार किया जा सकता है. शहद में एंटीबैक्टीरियल गुण होते हैं, जबकि नींबू एक्स्ट्रा तेल को कम करने में मदद कर सकता है. सेंसिटिव स्किन वाले लोगों को पैच टेस्ट करना जरूरी है.
फेसपैक कितनी देर तक लगाकर रखें?
किसी भी तरह का बेसन फेसपैक बहुत देर तक चेहरे पर लगाकर नहीं छोड़ना चाहिए. इसे लगभग 10 से 15 मिनट तक लगाकर रखें. इसके बाद पानी से हल्के हाथों से धो लें और चेहरे पर अपनी पसंद का मॉइश्चराइजर जरूर लगाएं. क्योंकि पैक लगाने के बाद स्किन ड्राई हो जाती है.
हफ्ते में कितनी बार लगाना सही होता है बेसन वाला फेसपैक?
अगर आपकी स्किन नॉर्मल या ऑयली है, तो हफ्ते में 2 से 3 बार बेसन का फेसपैक लगाया जा सकता है. वहीं ड्राई या सेंसिटिव स्किन वाले लोगों के लिए इसे हफ्ते में 1 से 2 बार इस्तेमाल करना बेहतर माना जाता है, ताकि स्किन जरूरत से ज्यादा रूखी न हो.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क