गर्मी के मौसम में जब चिलचिलाती धूप और उमस से हाल बेहाल हो, तो एयर कंडीशनर (AC) ही एकमात्र सहारा लगता है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि सीधे कूल मोड (Cool Mode) पर एसीचलाना न सिर्फ आपकी मशीन की सेहत के लिए हानिकारक है, बल्कि आपकी बिजली के बिल को भी बढ़ाता है? हांगकांग के एक्सपर्ट्स ने एक बेहद जरूरी बात बताई है. वे बताते हैं कि एसी को ऑन करते ही सीधे कूलिंग पर स्विच करने के बजाय, पहले कुछ मिनट के लिए इसे फैन मोड (Fan Mode) पर चलाना चाहिए. यह छोटी सी आदत आपकी मशीन की उम्र बढ़ा सकती है और घर की हवा को भी फ्रेश रख सकती है.
क्यों जरूरी है पहले फैन मोड चलाना?
हांगकांग स्थित एयर कंडीशनर सफाई कंपनी ब्रीद-ईजी के डायरेक्टर जेफ लैम्ब का कहना है, अधिकतर लोग AC को ऑन करते ही कम टेम्परेचर सेट कर देते हैं जिससे कंप्रेसर पर एकदम भारी दबाव पड़ता है. एक्सपर्ट्स के मुताबिक, अगर आप पहले फैन मोड ऑन करते हैं तो यह कमरे के अंदर की रुकी हुई और गर्म हवा को बाहर निकालने या उसे सर्कुलेट करने में मदद करता है.
फैन मोड में कंप्रेसर ऑफ रहता है, जिससे मशीन को कूलिंग शुरू करने के लिए एक 'वॉर्म-अप' टाइम मिल जाता है. इससे कंप्रेसर पर अचानक आने वाला लोड कम हो जाता है, जिससे मशीन लंबे समय तक बिना किसी खराबी के चलती है.
नमी और मोल्ड से बचाव
एसी जब कूलिंग करता है, तो अंदर की कॉइल्स ठंडी होकर पानी की बूंदें बनाती हैं. अगर आप ACएसी बंद करने के तुरंत बाद इसे छोड़ देते हैं, तो अंदर नमी रह जाती है. यही नमी आगे चलकर फंगस या मोल्ड का कारण बनती है.
एक्सपर्ट्स का मानना है कि एसी बंद करने से पहले 10-15 मिनट के लिए फैन मोड चलाएं. इससे अंदर की सारी नमी सूख जाएगी और गंदगी या बदबू जमा नहीं होगी. यह तरीका न केवल हेल्थ रिस्क को कम करता है, बल्कि आपको सांस लेने के लिए ताजी और साफ हवा भी मिलती है.
सालाना सफाई क्यों है जरूरी?
हांगकांग के एक्सपर्ट्स ने सफाई को लेकर भी बड़ा खुलासा किया है. उनके अनुसार, अगर AC की हर साल कम से कम एक बार प्रोफेशनल सर्विस नहीं होती, तो यह बीमारियों का घर बन सकता है. गंदे फिल्टर और डस्ट-जमा कॉइल्स में बैक्टीरिया और फफूंद पनपने लगती है, जो अस्थमा और एलर्जी जैसी समस्याओं का कारण बन सकती है.
एक्सपर्ट सलाह देते हैं कि साल में दो बार सर्विस कराना सबसे बेहतर है. यदि आप घर पर ही फिल्टर साफ करते हैं, तो इसे हर दो-तीन हफ्ते में जरूर चेक करें, ताकि हवा का फ्लो बना रहे.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क