लकड़ी का फर्नीचर घर की खूबसूरती बढ़ाने का काम करता है. चाहे डाइनिंग टेबल हो, सेंटर टेबल या फिर महंगी लकड़ी की अलमारी, इसकी चमक और फिनिश पूरे कमरे की खूबसूरती बढ़ा देती है. लेकिन कई बार छोटी-सी लापरवाही इस सुंदरता पर दाग लगा देती है.
पानी का गिलास, गमला या किसी लिक्विड की कुछ बूंदें भी लकड़ी के फर्नीचर की चमक खराब कर देती हैं. पानी का गिलास या कोई भी लिक्विड अगर बिना कोस्टर के रख दिया जाए, तो वो लकड़ी के फर्नीचर पर सफेद गोल निशान छोड़ सकता है.
धीरे-धीरे ये सफेद गोल निशान या पानी के दाग और भी ज्यादा नजर आने लगते हैं, जिससे नया फर्नीचर भी पुराना और गंदा दिखने लगता है. अक्सर लोग इन दागों को हटाने के लिए महंगी चीजें खरीदते हैं, लेकिन फायदा नहीं मिलता है. अगर आपके फर्नीचर पर भी गोल-गोल सफेद निशान जम गए हैं, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. घर की रसोई और ड्रेसिंग टेबल पर मौजूद कुछ साधारण सी चीजों से ही आप इन जिद्दी पानी के दागों को मिनटों में साफ करके उसे नए जैसा चमकदार बना सकते हैं.
सबसे पहले पहचानें दाग कैसा है
अगर दाग सफेद या धुंधले रंग का है, तो समझना होगा कि आमतौर पर नमी सिर्फ फर्नीचर की ऊपरी परत में फंसी होती है. वहीं काले या गहरे भूरे दाग इस बात का संकेत हो सकते हैं कि पानी लकड़ी के अंदर तक पहुंच गया है. ऐसे दाग हटाना थोड़ा मुश्किल हो सकता है.
हेयर ड्रायर की गर्म हवा दिखा सकती है असर
अगर दाग नया है, तो हेयर ड्रायर का इस्तेमाल किया जा सकता है. मीडियम हीट पर ड्रायर चलाकर दाग वाली जगह पर कुछ मिनट तक हवा दें. इससे फंसी हुई नमी बाहर निकल सकती है और सफेद निशान हल्के पड़ सकते हैं.
सिरका और ऑलिव ऑयल का आसान उपाय
एक कटोरी में बराबर मात्रा में सफेद सिरका और ऑलिव ऑयल मिलाएं. अब मुलायम कपड़े की मदद से इसे दाग पर लकड़ी की दिशा में हल्के हाथों से रगड़ें. सिरका दाग कम करने में मदद करता है, जबकि ऑलिव ऑयल फर्नीचर की चमक लौटाने का काम करता है.
टूथपेस्ट भी आ सकता है काम
सफेद रंग के नॉर्मल टूथपेस्ट को मुलायम कपड़े पर लगाकर दाग वाली जगह पर धीरे-धीरे रगड़ें. रगड़ने के कुछ मिनट बाद इसे साफ कपड़े से पोंछ दें. ये तरीका हल्के पानी के निशानों को साफ करने के लिए असरदार माना जाता है.
बेकिंग सोडा से बनाएं पेस्ट
एक चम्मच बेकिंग सोडा में थोड़ा पानी मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बनाकर तैयार कर लें. इसे दाग पर लगाकर हल्के हाथों से रगड़ें और फिर साफ कपड़े से पोंछ दें. इससे कई बार पुराने सफेद निशान भी कम हो जाते हैं.
मेयोनीज या पेट्रोलियम जेली भी कर सकती है कमाल
मेयोनीज सिर्फ खाने में ही नहीं, बल्कि लकड़ी के फर्नीचर पर लगे दाग हटाने में भी कारगर है. मेयोनीज और पेट्रोलियम जेली को दाग पर लगाकर कुछ घंटों या रातभर छोड़ने से अच्छा रिजल्ट मिलता है. इनमें मौजूद तेल नमी को बाहर निकालने में मदद करते हैं और दाग हल्का पड़ सकता है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क