Urad Dal Poori: आज करवा चौथ है और आज ज्यादातर घरों में पूड़ियां तो लाजिमी तौर पर बनती हैं. लेकिन इस बार क्यों न सादी पूरियों की जगह कुछ अलग और नया ट्राई किया जाए. अगर आप भी इस बार कुछ स्वादिष्ट, खस्ता और अलग बनाना चाहती हैं तो उड़द दाल की पूड़ी एक बेहतरीन विकल्प है.
गेहूं के आटे में पिसी हुई उड़द दाल और चुनिंदा मसालों को मिलाकर बनाई जाने वाली यह पूड़ी न सिर्फ बेहद क्रिस्पी बनती है, बल्कि खाने में कचौरी जैसा शानदार स्वाद भी देती है. आइए जानते हैं इसे बनाने का तरीका और वो आसान सीक्रेट ट्रिक जिससे आपकी पूड़ियां एकदम फूली-फूली और खस्ता तैयार होंगी.
आवश्यक सामग्री:
धुली हुई सफेद उड़द दाल: आधा कप (2-3 घंटे भीगोई हुई)
गेहूं का आटा: 2 कप
सूजी या बेसन: 2 चम्मच (कुरकुरापन लाने के लिए)
सौंफ पाउडर: 1 छोटी चम्मच
हींग: 2 चुटकी (उड़द दाल में हींग का स्वाद बहुत अच्छा लगता है)
जीरा या अजवाइन: आधा छोटी चम्मच
लाल मिर्च पाउडर और हल्दी: स्वादानुसार
नमक: स्वादानुसार
तेल या घी: आटा गूंथने के लिए और तलने के लिए
फूली-फूली और खस्ता बनाने की सीक्रेट ट्रिक:
उड़द दाल को मिक्सी में पीसते समय ध्यान रखें कि बहुत ज्यादा पानी न डालें, इसे थोड़ा दरदरा ही पीसें.
आटा गूंथते समय उसमें 2 चम्मच गरम तेल का मोयन जरूर डालें और आटा हमेशा थोड़ा सख्त गूंथें, तभी पूड़ियां खस्ता बनेंगी.
बनाने की विधि:
दाल तैयार करें: भीगी हुई उड़द दाल का सारा पानी निकाल लें. अब इसे मिक्सी जार में डालकर दरदरा पीस लें (आप चाहें तो इसमें हरी मिर्च और अदरक भी साथ में पीस सकती हैं).
आटा गूंथें: एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा, सूजी या बेसन, सौंफ, हींग, अजवाइन, लाल मिर्च, हल्दी, नमक और पिसी हुई उड़द दाल मिलाएं. इसमें एक चम्मच गरम तेल डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स कर लें. अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए पूरी जैसा सख्त आटा गूंथ लें और 15 मिनट के लिए ढककर रख दें.
लोइयां बनाएं और बेलें: आटे की छोटी-छोटी लोइयां तोड़ लें. अब थोड़ा सा तेल लगाकर इन्हें गोल आकार में बेल लें (ध्यान रखें कि पूरियां बहुत ज्यादा पतली न हों, हल्की मोटी रखें).
पूरियां तलें: एक कड़ाही में तलने के लिए तेल गर्म करें. तेल मध्यम-तेज गर्म होना चाहिए. अब बेली हुई पूरी को तेल में डालें और कलछी से हल्का-हल्का दबाएं, जिससे पूरी गुब्बारे की तरह फूल जाए. दोनों तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी होने तक तल लें.
गरमा-गरम खस्ता उड़द दाल पूरी को आलू की सब्जी, रायता या अपनी मनपसंद चटनी के साथ परोसें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क