गर्मियों के मौसम में शरीर को हाइड्रेटेड रखने और पेट को ठंडक पहुंचाने के लिए छाछ से बेहतर कुछ नहीं होता. लेकिन हर दिन वही सादी या मसाला छाछ पीकर अगर आप बोर हो चुके हैं तो इस बार अपने रेगुलर ड्रिंक को दें एक मैंगो ट्विस्ट. मैंगो छाछ गर्मियों के लिए एक बेहद रिफ्रेशिंग और अनोखा ड्रिंक है.
कच्चे आम की खटास, दही की ठंडक और पुदीने-जीरे के चटपटे मसालों का मेल इस छाछ के स्वाद को कई गुना बढ़ा देता है. दोपहर के लंच के साथ या धूप से आने के बाद खुद को तरोताजा करने के लिए यह चटपटी आम की छाछ एकदम परफेक्ट और झटपट बनने वाला विकल्प है.
सामग्री:
मुख्य सामग्री: आम - 1 कप, ताजी दही - 1.5 कप, ठंडा पानी - 1 से 2 कप, बर्फ के टुकड़े.
मसाले व अन्य: भुना हुआ जीरा पाउडर - 1 छोटा चम्मच, काला नमक - ½ छोटा चम्मच, चाट मसाला - ½ छोटा चम्मच, ताजी पुदीने की पत्तियां - 6-7, सादा नमक - स्वादानुसार, बारीक कटा हरा धनिया (गार्निशिंग के लिए).
बनाने की विधि:
सबसे पहले आम को छीलकर उसके छोटे-छोटे टुकड़े कर लें और गुठली अलग कर दें.
एक ब्लेंडर जार में आम के टुकड़े, ताजी दही और पुदीने की पत्तियां डालें. इसे अच्छी तरह ब्लेंड कर लें ताकि आम और दही का एक स्मूथ पेस्ट बन जाए.
अब इस स्मूथ मिश्रण में भुना हुआ जीरा पाउडर, काला नमक, चाट मसाला, सादा नमक और एकदम ठंडा पानी डालें. अगर आपको गाढ़ी छाछ पसंद है तो पानी कम डालें.
जार का ढक्कन बंद करके इसे सिर्फ 10 से 15 सेकंड के लिए एक बार फिर से ब्लेंड कर लें ताकि सारे मसाले और पानी आपस में अच्छी तरह मिल जाएं.
कांच के गिलासों में 2-3 बर्फ के टुकड़े डालें और तैयार मसालेदार मैंगो छाछ को उसमें पलटें. ऊपर से थोड़ा सा भुना जीरा पाउडर, पुदीने की पत्ती और बारीक कटे हरे धनिए से गार्निश करके इसे एकदम ठंडा-ठंडा सर्व करें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क