How To Make Home Smell Like Hotel: किसी अच्छे होटल में जाते ही सबसे पहले वहां की साफ-सफाई और कमरे में फैली भीनी-भीनी खुशबू ध्यान खींचती है. कमरे में कदम रखते ही ऐसा लगता है जैसे किसी खुशबूदार जगह में आ गए हों. बेडशीट से लेकर बाथरूम तक हर जगह एक अलग तरह की फ्रेशनेस महसूस होती है. ये फ्रेशनेस दिल और दिमाग दोनों को बहुत ही सुकून देती है. कई बार तो होटल से लौटने के बाद भी वही खुशबू याद आती रहती है. ऐसे में लोग अपने घर को महंगे-महंगे रूम फ्रेशनर्स का इस्तेमाल करके महकाने की कोशिश करते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस तरह का माहौल बनाने के लिए आपको किसी महंगे होटल में जाने या घर पर ढेर सारे पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं है?
दरअसल, कुछ छोटी-छोटी चीजों और सही खुशबू के चुनाव से आप अपने घर को भी 5 स्टार होटल जैसा महका सकते हैं. इसके लिए न तो हर रोज परफ्यूम छिड़कने की जरूरत है और न ही महंगे रूम फ्रेशनर खरीदने की. बस कुछ आसान तरीके अपनाने होंगे. आइए जानते हैं इनके बारे में.
1. डिफ्यूजर से पूरे कमरे में फैलाएं खुशबू: अगर आप चाहते हैं कि आपके घर में हमेशा अच्छी खुशबू आती रहे, तो डिफ्यूजर इस्तेमाल कर सकते हैं. डिफ्यूजर दो तरह के आते हैं रीड डिफ्यूजर या प्लग-इन डिफ्यूजर. आप दोनों में से कोई भी लगा सकते हैं. ये धीरे-धीरे पूरे कमरे में खुशबू फैलाते हैं. इसके लिए आपको बार-बार स्प्रे करने की जरूरत भी नहीं पड़ती. आप अपनी पसंद के हिसाब से नींबू, जैस्मिन, एम्बर या मस्क जैसी खुशबू चुन सकते हैं. होटल जैसी खुशबू के लिए वाइट टी और सीडर वाली फ्रेगरेंस भी अच्छी रहती है.
2. पलो सैंटो से घर को महकाएं: अगर आपको बहुत तेज या मीठी खुशबू पसंद नहीं है, तो पलो सैंटो इस्तेमाल कर सकते हैं. यह एक खास तरह की खुशबूदार लकड़ी होती है. इसे जलाने पर कमरे में हल्की लकड़ी जैसी खुशबू फैलती है. शाम के समय इसका इस्तेमाल कर सकते हैं. हालांकि, इसे जलाते समय खिड़की-दरवाजे खुले रखें और जलती हुई लकड़ी को कभी अकेला न छोड़ें.
3. बाथरूम में लगाएं यूकेलिप्टस की टहनियां: बाथरूम को भी होटल के स्पा जैसा महकाने के लिए यह आसान तरीका अपना सकते हैं. इसके लिए शॉवर के पास यूकेलिप्टस की कुछ टहनियां बांधकर लटका दें. नहाते समय गर्म पानी से निकलने वाली भाप के कॉन्टैक्ट में आने पर इसकी खुशबू फैलती है. इससे बाथरूम में ताजगी महसूस होती है. आप चाहें तो इसकी सूखी टहनियों को फूलदान में सजाकर कमरे में भी रख सकते हैं.
4. खुशबू वाली कैंडल जलाएं: घर को अच्छी खुशबू देने के साथ सजाने के लिए खुशबू वाली कैंडल भी इस्तेमाल कर सकते हैं. सोया वैक्स या कोकोनट वैक्स से बनी कैंडल चुन सकते हैं. लैवेंडर और बर्गामोट की खुशबू बेडरूम के लिए अच्छी रहती है. वहीं, सीडरवुड और पैचौली की खुशबू थोड़ी गहरी होती है. इन्हें लिविंग रूम या बेडरूम में रख सकते हैं. ध्यान रखें कि जलती हुई कैंडल को कभी अकेला न छोड़ें और पर्दों से दूर रखें.
5. पर्दों और बेडशीट पर करें लिनन स्प्रे: कई बार कमरा साफ करने के बाद भी उसमें अच्छी खुशबू नहीं आती. ऐसे में लिनन स्प्रे इस्तेमाल कर सकते हैं. इसे पर्दों, बेडशीट और कुशन कवर पर हल्का छिड़क सकते हैं. इससे कपड़ों से अच्छी खुशबू आने लगती है और कमरा भी फ्रेश महसूस होता है. आप फ्रेश लिनन, नींबू या समुद्र जैसी हल्की खुशबू वाला स्प्रे चुन सकते हैं.
6. बाथरूम में रखें नींबू वाली खुशबू के प्रोडक्ट्स: बाथरूम को हमेशा फ्रेश रखने के लिए नींबू या दूसरी सिट्रस खुशबू वाले प्रोडक्ट्स इस्तेमाल कर सकते हैं. जैसे नींबू, मैंडरिन या ग्रेपफ्रूट की खुशबू वाला हैंडवॉश, साबुन और बॉडी वॉश. इनकी हल्की खुशबू से बाथरूम में फ्रेशनेस महसूस होती है. इससे आपका रोजाना इस्तेमाल होने वाला बाथरूम भी साफ और अच्छा महकेगा.
एक साथ न मिलाएं कई तरह की खुशबू
घर को महकाने के लिए एक साथ कई तरह के रूम फ्रेशनर, कैंडल और डिफ्यूजर इस्तेमाल न करें. ऐसा करने से अलग-अलग खुशबुएं मिल जाती हैं और कमरे में अजीब सी महक आने लगती है. बेहतर होगा कि पूरे घर के लिए एक जैसी खुशबू चुनें. जैसे नींबू, फूलों या लकड़ी जैसी खुशबू. इससे घर के हर कमरे में एक जैसी फ्रेशनेस बनी रहेगी और आपको होटल जैसा एहसास मिलेगा.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क