त्योहारों के मौसम में घर की सजावट से लेकर पूजा-पाठ तक, कई काम एक साथ बढ़ जाते हैं. सुबह ऑफिस जाने की जल्दी हो या शाम को थकान के बाद भगवान के सामने दीपक जलाना हो, कई बार छोटी-छोटी तैयारियों में ही काफी समय लग जाता है. खासकर जब जल्दबाजी हो तो हर बार रुई की बत्ती बनाकर दीया जलाना थोड़ा झंझट भरा काम लगता है. लेकिन क्या हो अगर आप एक बार में ही ढेर सारी बत्तियां बनाकर रख लें और जरूरत पड़ने पर बस उन्हें निकालकर जला दें?
जी हां, घर पर कुछ आसान चीजों की मदद से आप घी वाली बत्तियां पहले से तैयार करके रख सकते हैं. इससे ना केवल आप रोजाना रुई की बत्ती बनाने से बचेंगे, बल्कि पूजा भी जल्दी हो जाएगी क्योंकि तैयारी करने में समय कम लगेगा. साथ ही घी भी इधर-उधर नहीं गिरेगा. चलिए जानते हैं कैसे आप आसानी से ढेर सारी बत्तियां बनाकर रख सकते हैं.
घर पर बनाएं बाजार जैसी घी वाली बत्तियां
त्योहारों में लगातार पूजा करनी हो तो हर बार बत्ती बनाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. इसके लिए आप एक बार में ही कई बत्तियां तैयार करके किसी साफ कंटेनर में रख सकते हैं. इन्हें बनाने के लिए घी, रुई की बत्तियां और अपनी पसंद के शेप का छोटा मोल्ड चाहिए.
घी वाली बत्तियां बनाने के लिए क्या चाहिए?
कैसे बनाएं घी वाली बत्तियां?
1. सबसे पहले एक बर्तन में जरूरत के हिसाब से घी लें और उसे धीमी आंच पर हल्का गर्म कर लें. ध्यान रखें कि घी को सिर्फ पिघलाना है, तेज गर्म नहीं करना है. इसके बाद चॉकलेट मोल्ड, आइस ट्रे या छोटे मिट्टी के दीये लें. इनमें रुई की बत्तियों को सही तरीके से रख दें, ताकि उनका एक सिरा बाहर की तरफ रहे और उसे आसानी से जलाया जा सके.
2. अब पिघले हुए घी को धीरे-धीरे मोल्ड में डालें. ध्यान रखें कि बत्तियां घी में अच्छी तरह भीग जाएं. इसके बाद मोल्ड को किसी फ्लैट जगह पर रखकर ठंडा होने दें. जल्दी जमाने के लिए इसे कुछ समय के लिए फ्रिज में भी रख सकते हैं. जब घी पूरी तरह जम जाए, तो बत्तियों को सावधानी से मोल्ड से निकाल लें.
3. आपकी घी वाली बत्तियां तैयार हैं. इन्हें एक साफ, सूखे और ढक्कन वाले डिब्बे में रख सकते हैं. पूजा के समय बस एक बत्ती निकालें और दीये में रखकर जलाएं. इस तरह रोजाना बत्ती बनाने की मेहनत कम हो सकती है.
ध्यान रखें: घी में कपूर मिलाने के बजाय कपूर का इस्तेमाल अलग से करना बेहतर है. बत्तियों को पूरी तरह ठंडा होने के बाद ही स्टोर करें और उन्हें गर्मी से दूर रखें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क