How to Make Dahi Tinda: अक्सर घरों में टिंडे का नाम सुनते ही बच्चों से लेकर बड़ों तक के मुंह बनने लगते हैं और लोग इसे खाने से कतराते हैं. लेकिन आज हम आपको दही वाले टिंडे की रेसिपी बता रहे हैं. अगर आपने एक बार इस नए और अनोखे तरीके से दही टिंडे की मसालेदार सब्जी बना ली तो पनीर और शाही सब्जियां भी इसके आगे फीकी लगने लगेंगी. दही की खटास और मसालों का परफेक्ट मेल टिंडे के स्वाद को पूरी तरह बदल देता है. ढाबे और रेस्टोरेंट जैसी इस चटपटी सब्जी को खाने के बाद हर कोई आपकी कुकिंग की तारीफ करेगा और बार-बार इसकी मांग करेगा.
सामग्री
टिंडे: 400 ग्राम (छिले हुए और मध्यम आकार के टुकड़ों में कटे हुए)
फेंटा हुआ ताजा दही: आधा कप
प्याज: 1 बड़ा (बारीक कटा हुआ)
टमाटर: 1 बड़ा (बारीक कटा हुआ या प्यूरी)
अदरक-लहसुन का पेस्ट: 1 चम्मच
हल्दी पाउडर: आधा चम्मच
कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर: 1 चम्मच (रंग और हल्के तीखेपन के लिए)
धनिया पाउडर: 1.5 चम्मच
गरम मसाला: आधा चम्मच
कसूरी मेथी: 1 चम्मच
जीरा: 1 छोटा चम्मच
हींग: दो चुटकी
सरसों का तेल या रिफाइंड तेल: 2-3 बड़े चम्मच
हरा धनिया: बारीक कटा हुआ (सजावट के लिए)
नमक: स्वादानुसार
बनाने की विधि
सबसे पहले कटे हुए टिंडों को धोकर सुखा लें. एक कढ़ाई में थोड़ा सा तेल गर्म करें और टिंडों को हल्का सुनहरा होने तक शैलो फ्राई कर लें. इससे इनका कच्चापन निकल जाता है और स्वाद बढ़ जाता है. इन्हें प्लेट में निकाल लें.
एक कटोरी में फेंटा हुआ दही लें. इसमें हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और धनिया पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें और एक तरफ रख दें.
उसी कढ़ाई में बचा हुआ तेल गर्म करें. इसमें जीरा, हींग और अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर कुछ सेकंड के लिए भूनें.
अब इसमें बारीक कटा हुआ प्याज डालें और सुनहरा होने तक भूनें. इसके बाद टमाटर और स्वादानुसार नमक डालें. टमाटर को तब तक पकाएं जब तक वह तेल न छोड़ने लगे.
गैस की आंच को बिल्कुल धीमा कर दें. अब कढ़ाई में दही-मसाले का मिश्रण डालें और लगातार तेजी से चलाते रहें, ताकि दही फटे नहीं. मसाले से तेल अलग होने तक इसे अच्छे से भूनें.
अब इसमें फ्राई किए हुए टिंडे डालें और मसालों के साथ अच्छी तरह कोट कर लें. जरूरत के अनुसार 2-3 बड़े चम्मच पानी मिलाएं ताकि ग्रेवी गाढ़ी और अच्छी बने.
कढ़ाई को ढककर धीमी आंच पर 7 से 10 मिनट तक पकने दें, जब तक टिंडे पूरी तरह नरम और अंदर तक मसालेदार न हो जाएं.
अंत में इसमें गरम मसाला, कसूरी मेथी और बारीक कटा हुआ हरा धनिया मिलाएं. गैस बंद कर दें. गरमा-गरम दही टिंडे की यह शानदार सब्जी चपाती या पराठे के साथ सर्व करें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क