Right Way To Cut Dhaniya Leaves From Pot: कुछ सब्जियां और हर्ब्स घर में उगाना बहुत ही आसान होता है. इन्हीं में धनिया भी शामिल है. चटनी बनाने से लेकर सब्जियों में डालने तक के काम आने वाले हरा धनिया खाने का स्वाद खूब बढ़ाता है. इसे घर में गमले में धनिया उगाना काफी आसान है. लोग इसे कभी थोड़े से बीज या सिर्फ एक डंठल की मदद से धनिया उगाया जा सकता है. बीज/डंठल, मिट्टी और पानी से कुछ ही दिनों में हरी-हरी पत्तियां निकल आती हैं. लेकिन कई लोगों की शिकायत होती है कि धनिया तैयार होते ही खत्म हो जाता है या पत्तियां तोड़ने के बाद पौधा दोबारा ठीक से नहीं बढ़ता. दरअसल, इसकी एक बड़ी वजह धनिया की पत्तियां तोड़ने का गलत तरीका हो सकता है.
अगर आप भी चाहते हैं कि एक ही गमले का धनिया लंबे समय तक हरा-भरा रहे और जरूरत पड़ने पर आपको ताजा पत्तियां मिलती रहें, तो इसकी कटाई का तरीका बदलना होगा. पौधे को ऊपर से पूरा काटने के बजाय सही हिस्से से पत्तियां तोड़ना जरूरी है. आइए जानते हैं धनिया तोड़ने का सही तरीका, जिससे पौधे की नई ग्रोथ बनी रह सकती है.
पूरा पौधा काटने की गलती न करें
धनिया की पत्तियां तोड़ते समय सबसे बड़ी गलती होती है कि लोग जरूरत से ज्यादा पत्तियां एक साथ काट लेते हैं. ऐसा करने से पौधे पर दबाव पड़ सकता है और उसकी ग्रोथ कमजोर हो सकती है.
इसलिए जब भी धनिया की जरूरत हो, उतनी ही पत्तियां काटें जितनी इस्तेमाल करनी हों. कोशिश करें कि पौधे का करीब दो-तिहाई हिस्सा हरा-भरा बचा रहे. इससे पौधे को आगे बढ़ने का मौका मिलता है.
बाहर की बड़ी पत्तियां पहले तोड़ें
धनिया को काटते समय पौधे के बीच की छोटी और नई पत्तियों को बिल्कुल न छेड़ें. यही नई पत्तियां आगे चलकर पौधे की ग्रोथ बढ़ाती हैं. सबसे पहले पौधे के बाहर की तरफ लगी बड़ी और पुरानी टहनियों को काटें. इससे बीच की नई पत्तियां सुरक्षित रहती हैं और पौधा अच्छे से बढ़ता रहता है.
6-8 इंच का हो जाए तो करें कटाई
धनिया का पौधा जब करीब 6 से 8 इंच तक बढ़ जाए, तब इसकी पत्तियां तोड़ी जा सकती हैं. कटाई के लिए हाथ से पत्तियां खींचने के बजाय साफ कैंची का इस्तेमाल करना अच्छा रहता है.
टहनी को डंठल समेत काटें और कोशिश करें कि पौधे की जड़ या बीच की नई ग्रोथ को कोई नुकसान न पहुंचे. इस तरह पौधे से जरूरत के हिसाब से बार-बार हरा धनिया लिया जा सकता है.
धनिया को लंबा चलाना है तो याद रखें 3 बातें
1. सिर्फ सही तरीके से पत्तियां तोड़ना ही काफी नहीं है. पौधे की अच्छी ग्रोथ के लिए उसे सुबह की हल्की धूप वाली जगह पर रखें.
2. धनिए के पौधे की मिट्टी में नमी बनी रहनी चाहिए, लेकिन इसका मतलब ये नहीं है कि गमले में पानी जमा हो जाए. हमेशा ध्यान रखें कि गमले में पानी जमा ना होने पाए.
3. समय-समय पर सूखी पत्तियां और कमजोर डंठल भी हटा दें. अगर आप लंबे समय तक घर का ताजा धनिया चाहते हैं, तो कुछ हफ्तों के गैप पर नए बीज भी लगाते रहें. इससे एक पौधा खत्म होने से पहले दूसरा पौधा तैयार हो जाएगा.
धनिया तोड़ने का सही तरीका ही बनाएगा फर्क
यानी गमले में धनिया उगाने के बाद उसे एक साथ काटकर खत्म कर देना समझदारी नहीं है. बाहर की पुरानी पत्तियां जरूरत के मुताबिक काटें, बीच की नई ग्रोथ को बचाकर रखें और पौधे की देखभाल जारी रखें. इस छोटे से तरीके से आपका धनिया ज्यादा समय तक हरा-भरा रह सकता है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क