How To Fix Saree Safety Pin Holes: शादी हो, त्योहार हो या घर में कोई खास फंक्शन, खूबसूरत साड़ी पहनकर हर महिला स्टाइलिश दिखना चाहती हैं. खासकर सिल्क, ऑर्गेंजा और जॉर्जेट जैसी साड़ियों की बात ही अलग होती है. लेकिन इन नाजुक साड़ियों को संभालना भी किसी चुनौती से कम नहीं है. पल्लू को सही जगह पर टिकाने और प्लीट्स को सेट करने के लिए हम अक्सर सेफ्टी पिन का इस्तेमाल करते हैं. कई बार यही छोटी-सी पिन साड़ी के कपड़े में छेद कर देती है.
सबसे ज्यादा परेशानी तब होती है, जब महंगी साड़ी पर लगा छोटा-सा छेद भी साफ नजर आने लगता है. ऐसे में लगता है कि अब साड़ी की खूबसूरती खराब हो गई और इसे ठीक कराने के लिए रफू या सिलाई करानी पड़ेगी. लेकिन हर बार ऐसा करना जरूरी नहीं है. कुछ छोटे छेदों को सही तरीके से संभालकर आगे कपड़ा फटने से बचाया जा सकता है. अगर आपकी पसंदीदा साड़ी भी सेफ्टी पिन की वजह से खराब हो गई है, तो घबराने की जरूरत नहीं है. आप बिना सिलाई और बिना किसी चीज के आसानी से छेदों को ठीक किया जा सकता है. चलिए जानते हैं साड़ी को ठीक करने के लिए आप क्या आसान तरीके आजमा सकते हैं.
1. ट्रांसपेरेंट फैब्रिक पैच से छिपाएं छेद: अगर सिल्क या जॉर्जेट की साड़ी में सेफ्टी पिन से छोटा छेद हो गया है, तो उसे बड़ा होने से बचाने के लिए ट्रांसपेरेंट फैब्रिक पैच लगा सकते हैं. इसे साड़ी के उल्टे हिस्से में लगाया जाता है, जिससे छेद कम दिखाई देता है और कपड़े को सहारा मिलता है. पैच के साथ गोंद इस्तेमाल करने से पहले किसी छिपे हिस्से पर पैच टेस्ट करके जरूर देख लें.
2. फैब्रिक फ्यूजन टेप से करें रिपेयर: सुई-धागे के बिना छेद को संभालने के लिए फैब्रिक फ्यूजन टेप का इस्तेमाल किया जा सकता है. इसे छेद वाली जगह के पीछे लगाएं. अगर टेप को चिपकाने के लिए प्रेस की जरूरत है, तो उसके इंस्ट्रक्शंस को जरूर फॉलो करें. सिल्क और ऑर्गेंजा पर गर्म प्रेस चलाने से बचें, क्योंकि इससे कपड़ा खराब हो सकता है.
3. मोटी साड़ी पर कराएं रफू: अगर साड़ी का कपड़ा मोटा है, तो छेद को छिपाने के लिए रफू कराया जा सकता है. इसमें कपड़े के रंग से मिलता-जुलता धागा इस्तेमाल किया जाता है. हालांकि, ऑर्गेंजा और पतली जॉर्जेट जैसी साड़ियों पर खुद सिलाई करने से बचें. ऐसी साड़ियों के लिए किसी टेलर की मदद लें.
4. स्मार्ट स्टाइलिंग से छिपाएं छेद: अगर छेद पल्लू या बॉर्डर के पास है, तो साड़ी की ड्रेपिंग बदलकर उसे छिपाया जा सकता है. इसके लिए पल्लू को दूसरी तरह से सेट करें या कपड़े के हिसाब से ब्रोच लगाएं. ध्यान रखें कि छेद वाली जगह पर ज्यादा खिंचाव न पड़े, वरना कपड़ा और फट सकता है.
आगे से साड़ी में छेद होने से बचाने के लिए अपनाएं ये 5 टिप्स
1. अगर आप हर बार साड़ी में एक ही जगह सेफ्टी पिन लगाते हैं, तो वहां के धागे कमजोर हो सकते हैं और छेद होने का खतरा बढ़ जाता है. इसलिए हर बार पिन लगाने की जगह बदल दें.
2. साड़ी में हमेशा ऐसी पिन लगाएं जिसका सिरा चिकना हो और जो आसानी से बंद हो जाए. मुड़ी हुई, जंग लगी या खराब पिन कपड़े में फंसकर उसे नुकसान पहुंचा सकता है.
3. साड़ी को संभालने के लिए आप ऐसी क्लिप या ब्रोच का इस्तेमाल कर सकते हैं, जिससे कपड़े में छेद न करना पड़े. मैग्नेट वाली क्लिप भी इस्तेमाल कर सकते हैं, लेकिन पहले देख लें कि वो साड़ी को अच्छी तरह पकड़ रही है या नहीं.
4. साड़ी उतारते समय सेफ्टी पिन को झटके से न खींचें. पहले पिन को पूरी तरह खोलें और फिर आराम से निकालें. इससे कपड़े के धागे खिंचने और छेद बड़ा होने का खतरा कम होगा.
5. अगर पिन निकालने के बाद साड़ी में छोटा छेद नजर आए, तो कपड़े को खींचने या रगड़ने से बचें. साड़ी को समतल जगह पर रखकर देखें और कपड़े के हिसाब से उसे रिपेयर करवाएं.
ध्यान रखें: सिल्क और ऑर्गेंजा जैसी नाजुक साड़ियों पर गोंद, टेप या गर्म प्रेस का इस्तेमाल करने से पहले थोड़ा ध्यान रखना जरूरी है. इससे कपड़ा खराब हो सकता है. अगर साड़ी महंगी है, छेद बड़ा है या कपड़ा बहुत नाजुक है, तो खुद ठीक करने के बजाय किसी टेलर से उसे ठीक कराना ज्यादा सही रहता है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क