How To Dry Wet Shoes Overnight: बारिश में भीग गए जूते? घबराइए नहीं, इन आसान तरीकों से रातभर में जाएंगे सूखे

How To Dry Wet Shoes Overnight: मॉनसून में बारिश के पानी से भीगे जूतों को सुखाना किसी सिरदर्दी से कम नहीं है. अगर आप भी हीटर या तेज धूप में जूते रखकर उन्हें खराब करने से बचना चाहते हैं, तो 5 आसान हैक्स की मदद से आप जूतों को रातभर में सुखा सकते हैं.

Advertisement
अगर सही तीरका अपनाया जाए तो आप रातभर में बारिश में भीगे जूतों को सुखा सकते हैं. (Photo: ITG) अगर सही तीरका अपनाया जाए तो आप रातभर में बारिश में भीगे जूतों को सुखा सकते हैं. (Photo: ITG)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 05 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 10:26 PM IST

How To Dry Wet Shoes Overnight: बारिश पड़ते ही गर्मी तो मानों जैसे छूमंतर हो जाती है. लेकिन बरसात में मौसम जितना सुहाना लगता है, उतना ही मुश्किल भरा भी बन जाता है. बारिश में पानी भरता है और कीचड़ भी जमा हो जाती है. ऐसे में घर के बाहर निकलना तक सिरदर्दी बन जाता है. बारिश में ना केवल कपड़े गीले होने के डर रहता है, बल्कि इसके साथ जूते भी बुरी तरह भीग जाते हैं. गीले जूते बहुत बड़ी समस्या बन जाते हैं. ये न सिर्फ पहनने में असहज लगते हैं, बल्कि उनमें बदबू, फंगस और बैक्टीरिया पनपने का खतरा भी बढ़ जाता है.

इसके साथ ही जूतों को सुखाना बहुत ज्यादा मुश्किल हो जाता है. कई बार तो एक बार बारिश में भीगे जूते कई दिनों तक भी नहीं सूख पाते हैं. लोग जूतों को जल्दी सुखाने के चक्कर में सीधे धूप या हीटर के सामने रख देते हैं, जिसकी वजह से जूतों का आकार बिगड़ सकता है और वो जल्दी खराब भी हो जाते हैं. अगर आप भी चाहते हैं कि बारिश में भीगे जूते दो-तीन में नहीं, बल्कि रातभर में सूख जाएं तो कुछ आसान ट्रिक्स की मदद से आप ऐसा कर सकते हैं. ये ट्रिक्स जूतों को सुरक्षित तरीके से सुखाने में मदद कर सकते हैं.

1. सबसे पहले निकालें एक्स्ट्रा पानी: अगर जूते बारिश में बहुत बुरी तरह से भीग गए हैं तो उन्हें तुरंत सुखाने की जल्दबाजी बिल्कुल भी न करें. पहले हल्के हाथों से इन्हें दबाकर एक्स्ट्रा पानी निकालें. लेकिन जूतों को मरोड़ने की गलती न करें, क्योंकि ऐसा करने से उनकी सिलाई और शेप खराब हो सकती है. अगर हो सके तो इनसोल और फीते भी निकाल दें ताकि हवा अच्छे से हर हिस्से तक पहुंच सके.

Advertisement

2. अखबार का कमाल करेगा काम: गीले जूतों को सुखाने का सबसे आसान तरीका उनमें अखबार भरना है. अखबार भीगे जूतों की नमी को तेजी से सोखने में मदद करता है और जूतों की शेप भी बनाए रखता है. अगर जूते बहुत ज्यादा भीगे हों तो कुछ घंटों बाद अखबार बदल देना चाहिए. इससे अंदर की नमी जल्दी खत्म हो जाती है.

3. पंखे की हवा से सुखाने में मिलेगी मदद: जूते सुखाने के लिए उन्हें धूप में रखने के बजाय किसी हवादार जगह या पंखे के सामने रखें. लगातार हवा मिलने से नमी तेजी से बाहर निकलती है. इससे जूते को नुकसान पहुंचे बिना ही सूख जाते हैं. कई लोग इस तरीके को सबसे सुरक्षित मानते हैं क्योंकि इसमें ज्यादा गर्मी का इस्तेमाल नहीं होता.

4. हेयर ड्रायर का करें सही इस्तेमाल: अगर आपको जूते जल्दी पहनने हैं तो हेयर ड्रायर की मदद ली जा सकती है. लेकिन ध्यान रखें कि ड्रायर को बहुत गर्म सेटिंग पर नहीं चलाना चाहिए. उसे थोड़ी दूरी से चलाते हुए हवा को लगातार इधर-उधर घुमाना सही रहता है. एक ही जगह ज्यादा देर तक गर्म हवा देने से जूते की गोंद और कपड़ा खराब हो सकता है.

Advertisement

5. नमक और सिलिका जेल भी हैं असरदार: अगर आपके घर में सिलिका जेल का पैकेट रखा है, तो आपको जूते सुखाने में मदद मिल सकती है. सिलिका जेल का पैकेट या कपड़े में बंधा थोड़ा-सा नमक भी जूतों की नमी सोखने में मदद कर सकता है. इन्हें जूतों के अंदर कुछ घंटों के लिए रख दें. इससे न सिर्फ नमी कम होगी बल्कि बदबू भी काफी हद तक दूर की जा सकती है.

इन गलतियों से जरूर बचें
कई लोग जूतों को जल्दी सुखाने के लिए सीधे हीटर, ब्लोअर या तेज धूप के सामने रख देते हैं. लेकिन इससे जूते सिकुड़ सकते हैं और उनका रंग भी फीका हो सकता है. इसलिए हमेशा हल्की हवा और नेचुरल तरीके से सुखाने की कोशिश करनी चाहिए.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »