Tips to clean freezer: अक्सर हम सोचते हैं कि फ्रीजर में जमी हुई बर्फ को पिघला देना (डिफ्रॉस्ट करना) ही उसकी सफाई का एकमात्र काम है. लेकिन हकीकत यह है कि सिर्फ बर्फ हटाने से फ्रीजर के अंदर छिपे बैक्टीरिया, बदबू और जिद्दी दाग खत्म नहीं होते. रेफ्रिजरेटर को पूरी तरह सुरक्षित और हाइजीनिक रखने के लिए डिफ्रॉस्ट करने के बाद उसकी डीप क्लीनिंग करना बेहद जरूरी है. आइए जानते हैं फ्रीजर को अंदर से पूरी तरह चमकाने और साफ रखने के कुछ आसान और असरदार तरीके.
बर्फ हटाने से काम नहीं चलेगा
बैक्टीरिया और बदबू: जमी हुई बर्फ के नीचे फंसे खाने के कण सड़ते रहते हैं जिससे बैक्टीरिया पनपते हैं और बदबू आती है.
रबर सील की जांच: फ्रीजर के दरवाजे की रबर गंदा होने या कट जाने से गर्म हवा अंदर आती है और बार-बार बर्फ जमती है.
ड्रेन होल की सफाई: बर्फ पिघलने पर उसका पानी नाली यानी ड्रेन पाइप से बाहर जाता है. यह रास्ता बंद होने पर पानी फ्रीजर में ही भर कर सड़ने लगता है.
कॉइल और सेंसर की सेहत: अंदर छिपी कूलिंग कॉइल या डिफ्रॉस्ट सेंसर पर मैल जमने से कंप्रेसर पर लोड बढ़ता है और बिजली का बिल ज्यादा आता है.
ऐसे करें फ्रीजर की सफाई
सफाई शुरू करने से पहले फ्रीजर का सारा सामान बाहर निकाल लें. गर्मियों या बरसात के दिनों में चीजों को खराब होने से बचाने के लिए आइस बॉक्स या इंसुलेटेड बैग में स्टोर करें.
नेचुरल क्लीनर (बेकिंग सोडा और सिरका) का इस्तेमाल करें
हल्के गर्म पानी में 1-2 चम्मच बेकिंग सोडा और थोड़ा सा सफेद सिरका मिलाएं. इस घोल से फ्रीजर की दीवारों और कोनों को स्पंज की मदद से साफ करें. यह जिद्दी दाग हटाने के साथ-साथ फ्रीजर की बदबू को भी जड़ से खत्म करता है.
रबर गैस्केट की सफाई न भूलें
फ्रीजर के दरवाजे की रबर की क्रीज में अक्सर गंदगी और फंगस जम जाती है. टूथब्रश को बेकिंग सोडा के घोल में डुबोकर इस गैस्केट को आहिस्ता-आहिस्ता रगड़कर साफ करें, ताकि कूलिंग बनी रहे.
बेड स्मेल हटाने के लिए नींबू या वैनिला एसेंस
सफाई के बाद फ्रीजर की महक को फ्रेश रखने के लिए एक कटोरी में थोड़ा सा बेकिंग सोडा या नींबू के टुकड़े रखें. आप चाहें तो कॉटन बॉल पर वैनिला एसेंस लगाकर थोड़ी देर के लिए रख सकते हैं, जिससे भीनी-भीनी खुशबू बनी रहेगी.
फ्रीजर को पूरी तरह सुखाएं
सफाई के बाद फ्रीजर का दरवाजा कुछ देर के लिए खुला छोड़ दें या साफ सूती कपड़े से अंदर की नमी को पूरी तरह पोंछ लें. जब तक अंदर का हिस्सा पूरी तरह सूख न जाए, तब तक स्विच ऑन न करें और सामान वापस न रखें, वरना दोबारा तेजी से बर्फ जमने लगेगी.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क