How to clean burnt pressure cooker: खाना बनाते समय कई बार हमारा ध्यान भटक जाता है और इस एक छोटी-सी भूल से खाना जल जाता है. खाने के साथ-साथ बर्तन भी जल जाते हैं, जिनको साफ करने में काफी दिक्कत होती है. सबसे ज्यादा परेशानी प्रेशर कुकर को धोने में होती है. खासतौर पर चावल बनाते समय ध्यान भटकने से चावल जल जाते हैं और जलने की महक आने लगती है. जब हम भागकर गैस बंद करते हैं, तब तक नीचे चावलों की एक मोटी, काली और जली हुई परत जम चुकी होती है.
चावल जलना परेशानी नहीं है, लेकिन असली सिरदर्द तब शुरू होता है जब हमें उस कुकर को साफ करना पड़ता है. घिस-घिस कर हाथ दुखने लगते हैं, स्क्रैच आने का डर रहता है और मूड अलग खराब होता है. अगर आपके साथ भी अक्सर यही होता है, तो परेशान होने की बिल्कुल जरूरत नहीं है.
इन आसान तरीको से साफ करें जला हुआ कुकर
डस्टबिन में चावल फेंकने के बाद कुकर को सिंक में पटकने के बजाय, रसोई में रखी कुछ चीजों का इस्तेमाल करें. बिना मेहनत के, सिर्फ 5 मिनट में आपका प्रेशर कुकर बिल्कुल नए जैसा चमक उठेगा.
गर्म पानी का करें इस्तेमाल
कुकर में चावल जलने के बाद उनको कुकर से निकाल दें, उसके बाद सबसे पहला काम आप यह करें कि कुकर में इतना गर्म पानी भरें कि जली हुई परत पूरी तरह डूब जाए. कुकर को पानी में डालकर करीब 20 से 30 मिनट तक ऐसे ही छोड़ दें, इससे चिपके हुए चावल नरम हो जाएंगे और आसानी से निकलने लगेंगे.
बेकिंग सोडा का कमाल
जले हुए हिस्से पर एक से दो चम्मच बेकिंग सोडा छिड़क दें. अब इसमें थोड़ा गर्म पानी डालकर 15 मिनट के लिए छोड़ दें. इसके बाद सॉफ्ट स्पंज से साफ करें, बेकिंग सोडा जिद्दी दागों को ढीला करने में सबसे ज्यादा कारगार साबित होता है.
सिरका और पानी की ट्रिक
बेकिंग सोडा के अलावा दाग साफ करने के लिए सिरका सबसे ज्यादा इस्तेमाल किया जाता है. जले हुए कुकर में एक कप पानी और आधा कप सफेद सिरका डालकर 5 से 10 मिनट तक उबाल लें. जब मिक्सर ठंडा हो जाए तो जली हुई परत आसानी से निकलने लगेगी. इसके साथ ही यह तरीका बदबू दूर करने में भी मददगार है.
नींबू से चमकेगा कुकर
अगर कुकर में जले चावल की बदबू रह गई है, तो पानी में नींबू का रस मिलाकर कुछ मिनट उबाल लें. इससे बदबू कम होगी और कुकर की चमक भी बनी रहेगी.
स्टील वाले वाले स्क्रबर से बचें
कई लोग जली हुई परत हटाने के लिए स्टील स्क्रबर का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन इससे कुकर की अंदर सतह पर खरोंच पड़ सकती है. हमेशा सॉफ्ट स्पंज या नॉन-अब्रेसिव स्क्रबर का ही इस्तेमाल करें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क