Frame guide for round face: आज के समय में चश्मा सिर्फ नजर साफ करने का टूल नहीं रह गया है बल्कि यह आपके ओवरऑल लुक और पर्सनालिटी को भी बढ़ाने वाली एक फैशन एसेसरीज बन चुका है. मार्केट में अलग-अलग डिजाइन के चश्मे मौजूद होते हैं लेकिन अक्सर लोग आईवियर खरीदते समय केवल लेटेस्ट ट्रेंड, ब्रैंड या कलर को ही ध्यान में रखते हैं जो कि एक बड़ी गलती है. दरअसल, जिस तरह हर किसी का फेस अलग-अलग होता है, उसी तरह से हर चेहरे के मुताबिक फ्रेम डिजाइन भी अलग-अलग होती हैं.
आपके द्वारा चुनी हुई गलत चश्मे की फ्रेम आपके चेहरे के कट और बनावट के हिसाब से सही नहीं होगी तो यह आपकी पूरी स्टाइलिंग को खराब कर सकता है. राउंड, ओवल, स्क्वायर या हार्ट शेप चेहरे के लिए कौन सा चश्मा आपके लुक में चार चांद लगाएगा, इस बहारे में जान लीजिए.
राउंड या गोल चेहरे के लिए (Round Face Shape)
आईवियर डिजाइनर्स के मुताबिक, गोल चेहरे पर रेक्टेंगुलर (आयताकार) और स्क्वायर (वर्गाकार) शेप के चश्मे सबसे ज्यादा सूट करते हैं. फ्रेम गाइड के अनुसार, गोल चेहरे वाले लोगों को कभी भी गोल या छोटे फ्रेम्स नहीं पहनने चाहिए क्योंकि इससे चेहरा और ज्यादा राउंड दिखने लगता है. इसके बजाय, एंगुलर फ्रेम्स चेहरे को एक बेहतरीन डेफिनेशन और कंटूर देते हैं.
ओवल या अंडाकार चेहरे के लिए (Oval Face Shape)
ओवल शेप को सबसे परफेक्ट और वर्सटाइल माना जाता है क्योंकि इस शेप के चेहरे पर लगभग हर तरह के फ्रेम्स अच्छे लगते हैं. इस चेहरे की चौड़ाई और लंबाई में एक बेहतरीन बैलेंस होता है. आईवियर रीटेलर ग्लासेसयूएसए के मुताबिक, ओवल फेस शेप वाले लोगों पर ज्योमेट्रिक, रेक्टेंगल और एविएटर्स स्टाइल काफी स्टाइलिश लगते हैं. बस हां ये जरूर देखें कि आपका कनपटी के बाहर न निकले.
स्क्वायर या चौकोर चेहरे के लिए (Square Face Shape)
स्क्वायर शेप वाले लोगों का जॉलाइन और माथा काफी चौड़ा और शार्प होता है. ऐसे चेहरे के स्ट्रक्चर को थोड़ा सॉफ्ट और बैलेंस करने के लिए राउंडेड फ्रेम्स का इस्तेमाल करना चाहिए. विजन एक्सपर्ट्स और वॉर्बी पार्कर की आईवियर स्टाइलिंग रिपोर्ट के अनुसार, चौकोर चेहरे पर गोल, ओवल या कैट-आई फ्रेम्स अच्छी लगती हैं. ये कर्व्ड फ्रेम्स किसी के भई चेहरे के शार्प एंगल्स को थोड़ा स्मज करते हैं और उन्हें अट्रैक्टिव लुक देते हैं.
हार्ट शेप चेहरे के लिए (Heart Face Shape)
हार्ट शेप के चेहरे में माथा चौड़ा होता है और नीचे की तरफ आते-आते ठुड्डी पतली और नुकीली हो जाती है. इस शेप के लिए ऐसे फ्रेम्स चुनने चाहिए जो आपके चेहरे के ऊपरी हिस्से को कम चौड़ा और निचले हिस्से को थोड़ा भरा हुआ दिखाएं. ऐसे चेहरे पर बॉटम-हैवी फ्रेम्स (नीचे से चौड़े), राउंड फ्रेम्स और रिमलेस चश्मे बहुत खूबसूरत लगते हैं.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क